Mandi: बचपन से देश सेवा का सपना संजोए सृजन गोस्वामी बने भारतीय सेना में लैफ्टिनैंट
punjabkesari.in Saturday, Jun 13, 2026 - 05:17 PM (IST)
जोगिंद्रनगर (अमिता): जोगिंद्रनगर के सृजन गोस्वामी ने भारतीय सेना में लैफ्टिनैंट बनकर समूचे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने 13 जून को देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी में लैफ्टिनैंट पद की शपथ ली। जहां उनकी पासिंग आऊट परेड हुई, वहां उनके माता-पिता ने उन्हें स्टार लगाए। सृजन गोस्वामी ने 10वीं तक की शिक्षा दयानंद भारतीय पब्लिक स्कूल जोगिंद्रनगर से व 12वीं तक की शिक्षा राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जोगिंद्रनगर से प्राप्त की है। उसके उपरांत एनडीए में 3 वर्षों के प्रशिक्षण के उपरांत एक वर्ष तक आईएमए देहरादून में कड़ी मेहनत के बाद लैफ्टिनैंट का पद हासिल किया। सृजन के पिता हरीश गोस्वामी लोनिवि में कनिष्ठ अभियन्ता एवं माता अंजलि गोस्वामी अध्यापिका हैं। इस अवसर पर लैफ्टिनैंट सृजन गोस्वामी ने बताया कि उनका बचपन से ही देश की सीमाओं की रक्षा करने का सपना था, जो अब पूरा हो गया है।
उन्होंने कहा कि सेना में सेवा करना गर्व की बात है। इस उपलब्धि का श्रेय अपने दादा स्व. सुन्दर लाल गोस्वामी एवं दादी उमा गोस्वामी, नाना टीडी महंत एवं नानी जयवंता देवी सहित अपने माता-पिता, बहन मृणाल गोस्वामी व समस्त गुरुजनों को दिया है। इस उपलब्धि पर डीबीपीएस स्कूल के चेयरमैन ओम मरवाह, पूर्व मंत्री ठाकुर गुलाब सिंह, विधायक प्रकाश राणा, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष जीवन ठाकुर, पंकज जम्वाल, विनोद शर्मा एवं समस्त प्रैस क्लब सहित शहर के विभिन्न गण्यमान्य लोगों ने लैफ्टिनैंट सृजन गोस्वामी एवं उनके परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

