Mandi: पशुओं को चारा लाने गए 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

punjabkesari.in Saturday, Jun 13, 2026 - 04:53 PM (IST)

बालीचौकी (फरेंद्र): उपमंडल बालीचौकी की ग्राम पंचायत माणी के शेगली गांव में शुक्रवार शाम एक हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। मृतक की पहचान मेघ सिंह पुत्र आलमु राम निवासी शेगली के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार मेघ सिंह रोजमर्रा की तरह अपने पशुओं के लिए हरा चारा जुटाने निकले थे। इसी दौरान वह पेड़ पर चढ़कर पत्तियां काट रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार काम करते समय अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह काफी ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल एम्बुलैंस की व्यवस्था कर उन्हें नगवाईं अस्पताल पहुंचाया गया।

हालांकि अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू भेजा गया। स्थानीय पुलिस ने मामले की औपचारिक जांच शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News