Shimla: पिकअप से टक्कर में स्कूटी सवार की मौत, एक घायल
punjabkesari.in Monday, May 04, 2026 - 07:52 PM (IST)
रोहड़ू (कार्तिक): पुलिस रोहड़ू थाना के तहत रोहड़ू शिमला सड़क मार्ग पर पाटसारी के समीप नालू नामक स्थान के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हुआ है। यह सड़क हादसा बीती रात नालू नामक स्थान पर तब हुआ जब एक पीकअप गाड़ी तथा स्कूटी में जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में स्कूटी चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीती रात्रि 3 मई को एक स्कूटी नंबर एचपी 10सी-3390 जिसे विनोद कुमार चला रहा था, ने लापरवाही से चलाते हुए एक पिकअप वाहन नंबर एचपी10बी-2371 के पिछले टायर को टक्कर मार दी।
हादसे में स्कूटी चालक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार दुर्घटना लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुई बताई जा रही है। पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 106(1) एवं 125(a) के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

