Himachal: होटल में पति के साथ गई थी महिला...परिचित ने नशीला पदार्थ पिलाकर की दरिंदगी, फिर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो किए वायरल
punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 04:03 PM (IST)
बिलासपुर (बंशीधर): हिमाचल प्रदेश में एक शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक परिचित व्यक्ति ने होटल में पति-पत्नी को कथित तौर पर नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया और फिर महिला के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद आरोपी ने महिला के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाकर परिचितों में वायरल भी कर दिए। पीड़िता की शिकायत पर सुंदरनगर पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला बिलासपुर सदर थाना ट्रांसफर कर दिया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह वर्तमान में अपने पति के साथ सुंदरनगर में रहती है। पीड़िता के अनुसार गत 29 मई को बिलासपुर सदर के रहने वाले उनके एक परिचित व्यक्ति ने उन्हें (पति-पत्नी) भवाणा-कांगू रोड स्थित एक होटल में मिलने के लिए बुलाया था। आरोप है कि होटल में बातचीत के दौरान उक्त व्यक्ति ने उनके खाने और शराब में कोई नशीला पदार्थ मिला दिया, जिसका सेवन करते ही पति-पत्नी दोनों बेहोश हो गए।
शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उनके बेहोश होने के बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और वारदात के आपत्तिजनक फोटो व वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिए। इसके बाद आरोपी ने ये तस्वीरें और वीडियो एक महिला सहित अन्य परिचितों को भेज दिए। इस कृत्य से पीड़िता और उसके परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को गहरी ठेस पहुंची है।
सुंदरनगर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जीरो एफआईआर दर्ज की। चूंकि यह पूरी घटना बिलासपुर क्षेत्र से संबंधित है, इसलिए आगामी कानूनी कार्रवाई और जांच के लिए केस सदर थाना बिलासपुर भेज दिया गया है। इस संदर्भ में डीएसपी सुंदरनगर भरत भूषण ने पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर जीरो एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की आगामी तफ्तीश के लिए फाइल बिलासपुर पुलिस को सौंप दी गई है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

