सतपाल सत्ती ने साधा निशाना, बाेले-राष्ट्रीय स्तर से लेकर राज्यों तक कुछ परिवारों तक सिमट कर रह चुकी है कांग्रेस
punjabkesari.in Thursday, Apr 28, 2022 - 04:57 PM (IST)

ऊना (अमित शर्मा): वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कांग्रेस हाईकमान द्वारा हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में किए गए फेरबदल को लेकर काफी हैरानी जताई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर से लेकर राज्यों तक कुछेक परिवारों तक सिमट कर रह चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास युवा नेताओं की अच्छी टीम है लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस केवल मात्र राजे रजवाड़ों तक सीमित होकर रह चुकी है। उन्हें कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे छोटे राज्य में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष को हटाकर मंडी की सांसद प्रतिभा सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई लेकिन हैरत यह देखकर हुई कि यहां पर प्रदेशाध्यक्ष के साथ-साथ 4 कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त कर दिए गए। उन्होंने कहा कि कार्यकारी अध्यक्ष और प्रदेशाध्यक्ष में क्या अंतर होता है, यह समझ से परे है। कांग्रेस ने अनेकों जिलों में कार्यकारी प्रदेश अध्यक्षों की फौज खड़ी करते हुए क्षेत्रवाद और जातिवाद को बढ़ावा देने का भी प्रयास किया है। सत्ती ने कहा कि कांग्रेस चाहे किसी भी प्रकार का प्रयोग कर ले लेकिन अब बहुत देर हो चुकी है।
बिजली बोर्ड के विश्राम गृह के अतिरिक्त भवन का लोकार्पण
इससे पहले सत्ती ने रक्कड़ कालोनी स्थित बिजली बोर्ड के विश्राम गृह के अतिरिक्त भवन का लोकार्पण किया। करीब 72.19 लाख रुपए की लागत से तैयार किए गए इस भवन में आगंतुकों और मेहमानों के लिए काफी सुविधा प्रदान की जाएगी। इस मौके पर सत्ती ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा सरकार के गठन के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के समक्ष इस विश्राम गृह के एक्सपैंशन का मुद्दा उठाया गया था, जिसके लिए उन्होंने बजट उपलब्ध कराया। करीब 2 वर्ष पूर्व स्थानीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस विस्तारीकरण का शिलान्यास किया था। अब यह भवन बनकर तैयार हो चुका है जिसका लोकार्पण वीरवार को करते हुए लोगों को सुविधा प्रदान की जा रही है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here