हमीरपुर के संदीप लखनपाल ने बढ़ाया हिमाचल का मान, भारतीय सेना में बने लेफ्टिनेंट कर्नल
punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2026 - 05:13 PM (IST)
हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के एक और सपूत ने भारतीय सेना में अपनी कामयाबी का परचम लहराकर पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। जिले की गलोड़ तहसील के अंतर्गत आने वाले गांव हरेटा के निवासी संदीप लखनपाल को भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल के प्रतिष्ठित पद पर पदोन्नत किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से उनके पैतृक गांव सहित पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
जानकारी के अनुसार लेफ्टिनेंट कर्नल संदीप लखनपाल ने 5 अगस्त 2013 को एक अधिकारी के रूप में भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त किया था। अपनी बेहतरीन सेवाओं, समर्पण और अनुशासन के दम पर उन्होंने अब सेना में यह प्रतिष्ठित रैंक हासिल किया है। संदीप लखनपाल को देशभक्ति और सेना में जाकर देश की रक्षा करने का जज्बा विरासत में मिला है। लखनपाल परिवार का देश सेवा का एक गौरवशाली इतिहास रहा है। संदीप के पिता ने भी भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दी हैं। वहीं, उनके छोटे भाई भी इंडियन आर्मी में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
संदीप के लेफ्टिनेंट कर्नल बनने की खबर जैसे ही उनके गांव हरेटा पहुंची, वहां जश्न का माहौल बन गया। इस शानदार उपलब्धि के लिए लखनपाल परिवार को रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों से लगातार बधाइयां मिल रही हैं। क्षेत्र के लोगों ने लेफ्टिनेंट कर्नल संदीप लखनपाल को उनके इस प्रमोशन पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल और गौरवशाली सैन्य भविष्य की कामना की है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

