Hamirpur: सेना के लिए ड्रोन बनाने वाले होनहार छात्र सर्वेश शर्मा के साथ हादसा, मेडिकल कॉलेज में भर्ती

punjabkesari.in Wednesday, Oct 28, 2026 - 05:48 PM (IST)

हमीरपुर (ब्यूरो): भारतीय सेना के लिए अत्याधुनिक ड्रोन विकसित करने के प्रोजैक्ट से सुर्खियों में आए बहुतकनीकी संस्थान हमीरपुर, बड़ू के होनहार छात्र सर्वेश शर्मा के साथ हादसा पेश आया है। संस्थान के होस्टल की तीसरी मंजिल से गिरकर छात्र सर्वेश शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार घटना बुधवार दोपहर बाद की है। हादसे के तुरंत बाद घायल सर्वेश को उपचार के लिए डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज हमीरपुर ले जाया गया। वर्तमान में डॉक्टरों की टीम द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है।

सर्वेश शर्मा होस्टल की तीसरी मंजिल से अचानक कैसे नीचे गिरे, किन परिस्थितियों में यह हादसा पेश आया, फिलहाल इस बारे में कोई भी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ पाई है। यह पैर फिसलने के कारण हुआ एक हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इस तथ्य का खुलासा अभी होना बाकी है। इस अचानक हुई घटना से कॉलेज प्रशासन, सर्वेश के साथी छात्र और उसके परिजन चिंतित हैं। फिलहाल अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों की प्राथमिकता छात्र के स्वास्थ्य को स्थिर करना और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाना है।

ड्रोन प्रोजैक्ट को लेकर देशभर में बटोरी हैं सुर्खियां
गौरतलब है कि सर्वेश शर्मा पॉलिटेक्निक कॉलेज का एक बेहद मेधावी छात्र हैं। हाल ही में वह अपनी प्रतिभा के चलते काफी चर्चा में आए थे। सर्वेश भारतीय सेना के लिए एक विशेष और अत्याधुनिक ड्रोन विकसित करने के महत्वपूर्ण प्रोजैक्ट पर काम कर रहे हैं। उनकी इस वैज्ञानिक सोच और नवाचार ने न केवल संस्थान का बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News