ड्रेस कोड और 3 बार अटेंडेंस.... एक अक्टूबर से हिमाचल के CBSE स्कूलों में शिक्षकों के लिए बदलेंगे नियम
punjabkesari.in Tuesday, Sep 08, 2026 - 09:52 AM (IST)
Shimla News : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से मान्यता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों के लिए 'ड्रेस कोड', विद्यार्थियों के लिए वर्दी तथा स्कूल भवनों के लिए एक अलग और विशिष्ट रंग योजना अतिशीघ्र निर्धारित करें।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि इन विद्यालयों में शिक्षकों के लिए 'ड्रेस कोड' इस वर्ष एक अक्तूबर से लागू किया जाएगा। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा संचालित विद्यालयों के 'लोगो' को अंतिम रूप देने के लिए अधिकारियों के साथ आवश्यक प्रक्रियाओं पर भी चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विद्यालयों में अनुशासन और समय की पाबंदी सुनिश्चित करने के लिए दिन में तीन बार उपस्थिति दर्ज की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को इन विद्यालयों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
'निजी विद्यालयों में बच्चों को पढ़ाना शिक्षा अपेक्षाकृत महंगा'
सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को सुलभ दरों पर शिक्षा प्रदान की जाएगी, जबकि निजी विद्यालयों में बच्चों को पढ़ाना शिक्षा अपेक्षाकृत महंगा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इन विद्यालयों में पहले ही शिक्षकों की नियुक्ति कर चुकी है और भविष्य में किसी भी कारण से शिक्षकों के पद रिक्त होने पर उन्हें भी प्राथमिकता के आधार पर भरा जाएगा, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। सुक्खू ने अधिकारियों को इस संबंध में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

