विधानसभा: डिवीजन ऑफ वोट की मांग पर सदन में जबरदस्त हंगामा, पक्ष-विपक्ष ने की नारेबाजी

punjabkesari.in Tuesday, Feb 27, 2024 - 07:47 PM (IST)

शिमल (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश विधानसभा में स्वास्थ्य विभाग को लेकर लाए गए कटौती प्रस्ताव पर डिवीजन ऑफ वोट की मांग पर जबरदस्त हंगामा हुआ तथा पक्ष-विपक्ष ने एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की। हुआ यूं कि जब स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. धनीराम शांडिल ने कटौती प्रस्ताव पर हुई चर्चा का उत्तर दिया तो उसके बाद विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने वाइस वोट के आधार पर प्रस्ताव गिरने की घोषणा की और कार्यवाही को भोजनावकाश तक स्थगित कर दिया। इस पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर एवं भाजपा विधायक नारेबाजी करने लगे और सदन के बाहर जाकर डिवीजन ऑफ वोट नहीं दिए जाने पर आपत्ति जताई।
PunjabKesari

भोजनावकाश के बाद जब कार्यवाही फिर शुरू हुई तो सदन में कोरम पूरा नहीं होने के कारण विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कार्यवाही को कुछ समय के लिए स्थगित कर दिया। कुछ समय बाद भाजपा विधायक सदन में आए तथा सत्तापक्ष के सदन से अनुपस्थित रहने पर नारेबाजी की। कुछ देर बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उनके मंत्रिमंडल सहयोगी और कांग्रेस विधायक भी सदन में आ गए, जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष अपने आसन पर पहुंचे। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि विपक्ष आसन का सम्मान करता है लेकिन भाजपा की डिवीजन ऑफ वोट की मांग को निरस्त करना सही नहीं है। बाद में विपिन सिंह परमार व जगत सिंह नेगी ने अपना-अपना पक्ष रखा और इसी दौरान दोनों में तीखी नोक-झोंक हुई, जिसके उपरांत सदन का माहौल गर्मा गया। ऐसे में जब दोनों पक्ष नारेबाजी करने लगे तो विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही को दिनभर के लिए स्थगित कर दिया।

डिवीजन ऑफ वोट की अनुमति मिले : परमार
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं भाजपा विधायक विपिन सिंह परमार ने कहा कि भाजपा को डिवीजन ऑफ वोट की अनुमति मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आसन की तरफ से विपक्ष को इसका अवसर दिया जाना चाहिए।

संख्या बल हमारे पक्ष में, वोटिंग की जरूरत नहीं : जगत सिंह
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि संख्या बल सरकार के पक्ष में है। ऐसे में वोटिंग की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि सदन में भी अधिकांश कांग्रेस विधायक मौजूद थे, जिसके अनुसार कटौती प्रस्ताव गिर चुका है।

अब सरकार को भगवान भी नहीं बचा सकते : जयराम
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि मौजूदा समय में जैसे काम हो रहा है, उससे आपको (सरकार को) श्राप लगेगा। ऐसे में अब भगवान भी सरकार को नहीं बचा सकते। उन्होंने कहा कि सदन में डिवीजन ऑफ वोट की अनुमति मिलनी चाहिए, क्योंकि कांग्रेस नेताओं के इस्तीफे देने के क्रम से स्पष्ट हो रहा है कि सरकार जनमत को खो चुकी है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News