इस खास मकसद के लिए हिमाचल पहुंचे RSS प्रमुख मोहन भागवत, मां चिंतपूर्णी के दरबार में नवाया शीश
punjabkesari.in Thursday, Dec 16, 2021 - 07:04 PM (IST)

शिमला : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन राव भागवत 16 से 19 दिसम्बर तक हिमाचल में रहने वाले हैं। वीरवार को वे शिमला पहुंच गए हैं। मोहन भागवत के हिमाचल प्रवास की पुष्टि प्रांत प्रचार प्रमुख महीधर प्रसाद ने पूर्व में ही कर दी थी। उन्होंने बताया कि संघ प्रमुख भागवत 16 को कांगड़ा पहुंचेंगे और 19 दिसम्बर की रात को लौटेंगे। इस दौरान 17 दिसम्बर को गुप्त गंगा कार्यालय कांगड़ा में संगठन श्रेणी एवं जागरण श्रेणी के राज्य स्तरीय कार्यकर्ताओं की बैठक होगी। 18 दिसम्बर को हिमाचल के सभी प्रचारकों की बैठक होगी, जबकि 19 दिसम्बर को सुबह 10 बजे कांगड़ा नगर में स्वयंसेवक सीधे शारीरिक गतिविधियों में शामिल होंगे। राज्य के अन्य स्वयंसेवक 1300 स्थानों से ऑनलाइन माध्यम से भाग लेंगे, वहीं सुबह 11 बजे सरसंघचालक पूरे प्रदेश के स्वयंसेवकों को ऑनलाइन मार्गदर्शन देंगे। इसके बाद शाम को सरसंघचालक पूर्व सैनिकों के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान राज्य जागरण वर्ग एवं संगठन वर्ग के कार्यकर्ताओं की बैठक होगी।
बता दें कि आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने माता चिंतपूर्णी के दरबार में भी शीश नवाया व छिन्नमस्तिका की पवित्र पिंडी के दर्शन किए। उन्होंने चिंतपूर्णी माता के इतिहास की जानकारी बारीदार सभा के प्रधान व पुजारी रविंद्र छिंदा से ली। इस अवसर पर डीसी राघव शर्मा, एसपी अर्जित सेन ठाकुर, संघ के पदाधिकारी अशोक शर्मा, जीवन प्रकाश कालिया, मलकीत सिंह, निरंजन कालिया, कुंदन गर्ग, डाॅ. रामकुमार, सतीश कालिया सहित अन्य भाजपा कार्यकत्र्ताओं ने मोहन भागवत का चिंतपूर्णी पहुंचने पर स्वागत किया।