AAP का मंडी से चुनावी शंखनाद, केजरीवाल बोले-पंजाब में 20 दिन में भ्रष्टाचार खत्म किया, अब हिमाचल की बारी

punjabkesari.in Wednesday, Apr 06, 2022 - 06:30 PM (IST)

मंडी (रजनीश): आम आदमी पार्टी ने बुधवार को रोड शो निकालकर चुनावी शंखनाद कर दिया। आम आदमी पार्टी के संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के रोड शो में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी और अरविंद केजरीवाल व भगवंत मान ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 20 दिन के अंदर ही आम आदमी पार्टी की भगवंत मान सरकार ने पंजाब से भ्रष्टाचार का खात्मा कर दिया है। पंजाब में रहने वाले यार-दोस्तों से इसके बारे में पूछ सकते हैं। पंजाब में अब किसी की हिम्मत नहीं है पैसे मांगने की और जो पैसा खाएगा वह सीधा जेल जाएगा। जो भाजपा-कांग्रेस ने 75 वर्षों में नहीं किया वह हमने 20 दिन के अंदर करके दिखा दिया है। पहले पैसा नीचे से ऊपर तक जाता था लेकिन अब दिल्ली व पंजाब में ऐसा नहीं होता। दिल्ली और पंजाब के बाद अब हिमाचल प्रदेश की बारी है। 
PunjabKesari, AAP Road Show Image

दिल्ली व पंजाब का रिकाॅर्ड हिमाचल में टूटेगा

केजरीवाल ने कहा कि हिमाचल में आगामी विधानसभा चुनाव में दोनों राज्यों का रिकाॅर्ड टूटेगा। उन्होंने कहा कि आपने दिल खुश कर दिया, उम्मीद नहीं थी, इतनी भीड़ होगी, अब तो अच्छी नींद आएगी। केजरीवाल ने कहा कि हमें स्कूल-अस्पताल बनाने आते हैं और भ्रष्टाचार दूर करना आता है। पंजाब और दिल्ली के बाद हिमाचल को भ्रष्टाचार मुक्त करवाएंगे। 30 साल कांग्रेस को और 17 साल भाजपा को दिए, मैं केवल 5 साल मांग रहा हूं। दिल्ली और पंजाब में लोगों ने प्यार दिया, अब हिमाचल की बारी है और इस बार चाबी हिमाचल की जनता के हाथ में है। उन्होंने कहा कि अब हिमाचल में क्रांति आएगी और दिल्ली व पंजाब का रिकाॅर्ड हिमाचल में टूटेगा। 
PunjabKesari, AAP Road Show Image

यहां आम आदमी भी विधायक बन सकता है : भगवंत मान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि अंग्रेजों की गुलामी के बाद प्रदेश में 5-5 साल की कांग्रेस व भाजपा की गुलामी समाप्त होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस-भाजपा के नेता कह रहे हैं कि हिमाचल में तीसरी पार्टी नहीं आ सकती। इसका मतलब है कि आ सकती है क्योंकि ऐसा वे डर के मारे कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा-कांग्रेस में अपने बेटों व रिश्तेदारों को ही टिकट दिया जाता है। भाजपा-कांग्रेस को जनता की चिंता नहीं है अपनों की चिंता होती है, मगर आम आदमी लोगों को मौका देती है। अगर ऐसा न होता तो साधारण स्कूल मास्टर का बेटा भगवंत मान पंजाब का मुख्यमंत्री नहीं बनता। आम आदमी पार्टी में कोई आम व्यक्ति विधायक बन सकता है। भगवंत मान ने कहा कि मंडी में पहले स्टेज कार्यक्रम करने आया था और आज मुख्यमंत्री के तौर पर यहां आया हूं। पंजाब में कांग्रेस के मुख्यमंत्री चन्नी को हराने वाला मोबाइल रिपेयर करता है, सिद्धू को हराने वाला सामाजिक कार्यकत्र्ता है। राजनीतिक गंदगी की सफाई के लिए आप का झाड़ू जरूरी है।
PunjabKesari, AAP Road Show Image

देशभक्ति के रंग में रंगा रोड शो

रोड शो के दौरान मंडी शहर के नए ब्यास पुल से लेकर सेरी मंच तक कार्यकर्ता तिंरगा हाथ में लेकर साथ चले जबकि अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान खुली गाड़ी में ब्यास पुल से लेकर समखेतर, मोती बाजार, चौहटा बाजार होते हुए सेरी मंच तक पहुंचे। इस दौरान शहीद भगत सिंह के गीत व मेरा रंग दे बसंती चोला गीत के साथ रोड शो को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान का रोड शो में पहुंचने का समय दोपहर बाद 12.50 बजे था लेकिन उनका हैलीकॉप्टर 1.45 बजे पहुंचा। इसके बाद बाद उनका काफिला ब्यास नदी पर बने नए पुल पर पहुंचा और इसके बाद दोनों ने खुली गाड़ी से 1-2 मिनट तक लोगों को संबोधित किया। 
PunjabKesari, AAP Road Show Image

भाजपा-कांग्रेस से शामिल नहीं हुए कोई भी बड़े चेहरे

आम आदमी पार्टी के रोड शो के दौरान भाजपा और कांग्रेस पार्टी के बड़े नेताओं के शामिल होने की बात कही जा रही थी लेकिन इस कार्यक्रम में केजरीवाल और भगवंत मान रोड शो करके वापस लौट गए। इस दौरान पहले से अपनी पार्टी छोड़ चुके नेता ही शामिल हुए। इनमें दीपक शर्मा, जबना चौहान, जिला परिषद सदस्य जस्वीर सिंह और नबाही वार्ड से जिला परिषद सदस्य मनीष शर्मा कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुए। 
PunjabKesari, AAP Road Show Image

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News