Shimla: आरकेएस कर्मचारियों ने शुरू की पैन डाऊन स्ट्राइक, IGMC में पर्ची बनाने के लिए मरीजों को हुई परेशानी

punjabkesari.in Wednesday, Aug 28, 2024 - 04:39 PM (IST)

शिमला (योगराज): हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला स्थित राज्य के सबसे बड़े अस्पताल आईजीएमसी में एक बार फिर मरीजों की परेशानियां बढ़ गई हैं क्योंकि अस्पताल के आरकेएस कर्मचारी रैगुलर पे स्केल की मांग को लेकर मंगलवार से 31 अगस्त तक सुबह 8 से दोपहर बाद 2 बजे तक पैन डाऊन स्ट्राइक पर चले गए हैं और 31 अगस्त तक मांग नहीं मानी गई तो 2 सितम्बर से पूरे दिन हड़ताल पर जाएंगे। आरकेएस कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से आईजीएमसी में मरीजों को पर्ची बनाने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ा। 

आरकेएस कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अरविंद पाल ने कहा कि आईजीएमसी में  वर्ष 2016 में 36 आरकेएस कर्मचारियों को और उसके बाद वर्ष 2019 में एक कर्मचारी को रैगुलर पे स्केल सरकार की नोटीफिकेशन के आधार पर दिया जा चुका है। वर्ष 2021 में आरकेएस के तहत 55 कर्मचारी 8 साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं लेकिन सरकार रैगुलर पे स्केल नहीं दे रही है। सरकार वर्ष 2016 की तर्ज पर 55 आरकेएस कर्मचारियों को रैगुलर पे स्केल देने की अधिसूचना जारी करे अन्यथा 2 सितम्बर से पूरे दिन हड़ताल की जाएगी। 

आरकेएस कर्मचारी संघ के महासचिव विनोद ने बताया कि आरकेएस कर्मचारी काऊंटर पर 2 बजे तक सेवाएं नहीं देंगे सिर्फ एक काऊंटर पर आपातकालीन सेवाओं के लिए पर्ची बनेगी और कैश लेंगे, अन्य ओपीडी के लिए पर्ची व कैश सुविधा बंद रहेगी। कर्मचारियों ने बताया कि आईजीएमसी की तर्ज पर नाहन व टांडा मेडिकल काॅलेज के कर्मचारियों को भी रैगुलेर पे स्केल मिल चुका है इसलिए उन्हें भी इसी तर्ज पर रैगुलर पे स्केल मिलना चाहिए।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News