HPRCA ने घोषित किया असिस्टैंट स्टाफ नर्स भर्ती का परिणाम, 1849 उम्मीदवार उत्तीर्ण

punjabkesari.in Saturday, Oct 31, 2026 - 04:03 PM (IST)

हमीरपुर (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग हमीरपुर ने स्वास्थ्य शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग में असिस्टैंट स्टाफ नर्स (पोस्ट कोड-26044) के 780 पदों की भर्ती के लिए आयोजित परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। फिक्स मानदेय के आधार पर भरे जाने वाले इन पदों के लिए टैबलेट बेस्ड स्क्रीनिंग टैस्ट का आयोजन किया गया था। परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार अपना परिणाम आयोग की आधिकारिक वैबसाइट (hprca.hp.gov.in) पर जाकर चैक कर सकते हैं।

11 हजार से अधिक ने किया था आवेदन
राज्य चयन आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने जानकारी देते हुए बताया कि स्टाफ नर्स के इन 780 पदों के लिए कुल 11,415 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। इनमें से 9,983 उम्मीदवार टैबलेट बेस्ड स्क्रीनिंग टैस्ट में बैठे थे। परीक्षा के मूल्यांकन के बाद कुल 1,849 उम्मीदवारों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है, जिन्हें अब भर्ती के अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है।

6 नवम्बर से शुरू होगी डॉक्यूमैंट वैरिफिकेशन
लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण हुए 1,849 उम्मीदवारों को अब डॉक्यूमैंट वैरिफिकेशन (दस्तावेज सत्यापन) प्रक्रिया के लिए बुलाया जा रहा है। यह प्रक्रिया 6 नवम्बर से शुरू की जाएगी। सचिव डॉ. महाजन ने स्पष्ट किया है कि डॉक्यूमैंट वैरिफिकेशन का विस्तृत शैड्यूल अलग से निर्धारित कर उम्मीदवारों को उनकी पंजीकृत ईमेल आईडी पर भेजा जाएगा। आयोग की ओर से इसके लिए कोई भी अलग या ऑफलाइन बुलावा पत्र (कॉल लैटर) डाक के माध्यम से नहीं भेजा जाएगा।

ये दस्तावेज लाने होंगे साथ, दोबारा नहीं मिलेगा मौका
आयोग के निर्देशों के अनुसार, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के दिन उम्मीदवारों को अपने सभी आवश्यक प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियां, इनकी सैल्फ-अटेस्टेड (स्व-सत्यापित) फोटोकॉपी के दो-दो सैट, डाऊनलोड की गई एप्लीकेशन फॉर्म की कॉपी और एक वैध आईडी प्रूफ साथ लाना अनिवार्य होगा। सचिव ने कड़ी हिदायत दी है कि यदि कोई उम्मीदवार अपनी निर्धारित तिथि पर वैरिफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होता है, तो उसकी उम्मीदवारी रद्द मानी जाएगी और उसे किसी भी सूरत में दूसरा अवसर प्रदान नहीं किया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News