Himachal: NH-305 पर सफर से पहले पढ़ लें ये खबर, प्रशासन ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी
punjabkesari.in Sunday, May 03, 2026 - 02:58 PM (IST)
कुल्लू (ब्यूरो): राष्ट्रीय राजमार्ग-305 (बंजार-औट मार्ग) पर सफर करने वाले यात्रियों और वाहन चालकों के लिए जरूरी खबर है। मार्ग पर चल रहे पैचवर्क और टारिंग (सड़क पक्की करने) के काम को देखते हुए प्रशासन ने नई ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। एसडीएम बंजार पंकज शर्मा ने बताया कि जन सुरक्षा और सड़क मरम्मत के कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए इस मार्ग पर प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 2:30 बजे तक यातायात पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
केवल आपातकालीन वाहनों को मिलेगी छूट
एसडीएम ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध के इस अढ़ाई घंटे के समय में मुख्य मार्ग से केवल एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को ही गुजरने की अनुमति होगी। अन्य सभी प्रकार के निजी और व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। दोपहर 2:30 बजे के बाद यातायात को पहले की तरह सामान्य रूप से बहाल कर दिया जाएगा।
बंजार बाईपास से डायवर्ट होगा ट्रैफिक
प्रतिबंधित अवधि के दौरान लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए वाहनों को बंजार बाईपास मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। एसडीएम ने लोक निर्माण विभाग को सख्त निर्देश दिए हैं कि बंजार बायपास मार्ग को 3 मई तक पूरी तरह से वाहन योग्य बना लिया जाए, ताकि यह एक प्रभावी वैकल्पिक मार्ग के रूप में काम कर सके।
उल्लंघन करने पर होगी सख्त कार्रवाई
यातायात प्रबंधन को लेकर प्रशासन ने अहम कदम उठाए हैं। प्रशासन ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि सड़क बंद होने की जानकारी देने के लिए प्रमुख स्थानों पर पहले ही साइन बोर्ड लगाए जाएं। पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि वे आवश्यक स्थानों पर अपने कर्मियों की तैनाती करें ताकि ट्रैफिक को नियंत्रित और सुचारू रखा जा सके। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जो भी व्यक्ति इन नियमों का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की अपील, दिशा-निर्देशों का पालन करें
एसडीएम पंकज शर्मा ने आम जनता, पर्यटकों और परिवहनकर्ताओं से अपील की है कि वे अपनी यात्रा का कार्यक्रम इस ट्रैफिक एडवाइजरी को ध्यान में रखकर ही बनाएं। उन्होंने कहा कि सड़क मुरम्मत का काम समय पर पूरा हो सके और किसी को असुविधा न हो, इसके लिए सभी लोग प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन कर सहयोग करें।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

