Himachal : लोन लेकर स्थापित नहीं किया प्लांट, अब धोखाधड़ी का मामला दर्ज
punjabkesari.in Monday, Oct 19, 2026 - 04:35 PM (IST)
Kullu News : एक महिला ने स्टील फैब्रीकेशन यूनिट के लिए लोन लिया और मौके पर प्लांट स्थापित किया ही नहीं। निरीक्षण में पाया गया कि मौके पर इस प्रकार के कोई भी इक्यूपमेंटस नहीं लगाए गए हैं और न ही यूनिट है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बीएनएस की धारा 318 (3), 316 (2), 314 के तहत मामला कमल जीत जिला प्रबंधक एचपी एससी एंड एसटी डिवैल्पमेंट कॉर्पोरेशन ढालपुर कुल्लू की शिकायत पर दर्ज हुआ है। उन्होंने बयान में कहा कि पहले हमारा फील्ड ऑफिस असिस्टेंट एससी एंड एसटी डिवैल्पमैंट कॉर्पोरेशन आनी में था जो बन्द हो गया है। आरोप लगाया कि सिमरन जोशी निवासी गांव नालगाई जिला कुल्लू 8 मई 2024 आनी दफ्तर में अपने पिता के साथ आई और स्टील फैब्रीकेशन यूनिट स्थापित करने के लिए उत्कर्ष ऋण योजना (हिम स्वावलम्बन योजना) के तहत 30 लाख रुपए ऋण के लिए आवेदन किया। 7 सितम्बर 2024 को प्रबंधक निदेशक कार्यालय सोलन से इस ऋण की स्वीकृति प्राप्त हुई। 21 अक्टूबर 2024 को 27 लाख रुपए जिसमें चौबीस लाख राष्ट्रीय निगम भागधन तथा तीन लाख आवेदिका अशंदान शामिल है। इसके अतिरिक्त तीन लाख रुपए (प्रदेश निगम भागधन) पीएफएमएस के माध्यम के सुमित एंटरप्राइजेज को भुगतान किया गया।
एक भी किस्त नहीं करवाई जमा
आवेदिका द्वारा मई 2025 से लोन की किस्तें जमा करवानी थी परंतु इसने कोई भी किस्त आज तक निगम को नहीं दी है। 8 जनवरी 2026 को आवेदिका व उसके पिता को सूचित करके प्लांट लगने वाले स्थान गांव कसोली निरीक्षण किया तो आवेदिका व उसका पिता सूचित करने के बाद भी वहां नहीं मिले तथा जिन इक्यूपमैट के लिए ऋण दिया गया था वे वहां पर स्थापित नहीं मिले। वहां पर मिले गांववासियों से प्लॉट वारे पूछताछ की गई। जिन्होंने बताया कि सिमरन जोशी व उसके पिता ने वहां पर कोई स्टील फैबीकेशन यूनिट नहीं लगाई है। अब पुलिस ने केस दर्ज करके अभियोग की तफ्तीश का जिम्मा सवइंस्पैक्टर चन्द्रशेखर को दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

