राठौर ने BJP सासंद पर लगाया लॉकडाऊन नियमों के उल्लंघन का आरोप, जानिए क्या बोले

punjabkesari.in Thursday, Apr 16, 2020 - 07:20 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने भाजपा सांसद रामस्वरूप शर्मा पर लॉकडाऊन नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हजारों लोग, छात्र व श्रमिक राज्य के भीतर व अन्य राज्यों में लॉकडाऊन की वजह से पिछले 22 दिनों से फंसे पड़े हैं और उनको यहां आने की कोई भी अनुमति नहीं मिल रही है जबकि दूसरी तरफ भाजपा नेता को कहीं भी आने जाने की छूट मिल रही है जोकि आम लोगों के साथ एक बड़ा अन्याय है।

मुख्यमंत्री ने नहीं लिया कोई भी सार्थक निर्णय

उन्होंने कहा कि कानून सब पर एक समान लागू होना चाहिए। प्रदेश के भीतर और प्रदेश के बाहर फंसे लोग कांग्रेस के नेताओं से अपने घर पहुंचाने की गुहार लगा रहे हैं। राठौर के अनुसार उन्होंने इस पूरे मामले को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भी बात की थी लेकिन दु:ख का विषय है कि इस पर आज दिन तक कोई भी सार्थक निर्णय नहीं लिया गया है।

फंसे लोगों को घर पहुंचाने की व्यवस्था करे सरकार

उन्होंने कहा कि वह मानते हैं कि कोरोना एक बहुत गंभीर वायरस है और लॉकडाऊन ही इसकी रोकथाम का उपाय है। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं को देखते हुए कम से कम प्रदेश के भीतर फंसे लोगों को उनके स्वास्थ्य जांच के बाद सुरक्षित घर पहुंचाने की कोई व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने कहा है कि दूसरे चरण का लॉकडाऊन 3 मई तक चलना है, ऐसे में प्रदेश में फंसे लोगों को विशेष अनुमति के साथ उनके घर पहुंचाने की व्यवस्था की जाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News