Hamirpur News: राज्य चयन आयोग ने घोषित किए 3 भर्ती परीक्षाओं के परिणाम
punjabkesari.in Friday, Jul 24, 2026 - 09:43 PM (IST)
हमीरपुर (अजय): हमीरपुर स्थित हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने शुक्रवार को विभिन्न विभागों में भर्ती के लिए आयोजित तीन कम्प्यूटर आधारित स्क्रीनिंग परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। आयोग ने पोस्ट कोड 26019 (फिजिक्स टीचर), पोस्ट कोड 26017 (बायोलॉजी टीचर) और पोस्ट कोड 25021 (वैज्ञानिक सहायक- डिजिटल फोरैंसिक्स) का रिजल्ट जारी किया है।
फिजिक्स टीचर (पोस्ट कोड 26019) का परिणाम
शिक्षा निदेशक के अनुरोध पर फिजिक्स टीचर के कुल 78 पदों को भरने के लिए 18 जून को कम्प्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित की गई थी। इसके लिए कुल 1405 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 1192 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए और 213 अनुपस्थित रहे। चयन आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इस पद के लिए चयनित उम्मीदवारों के दस्तावेजों का सत्यापन 5 अगस्त को चयन आयोग परिसर हमीरपुर में किया जाएगा।
बायोलॉजी टीचर (पोस्ट कोड 26017) का रिजल्ट
आयोग ने पोस्ट कोड 26017 के तहत बायोलॉजी टीचर के 78 पदों के लिए ली गई परीक्षा का भी परिणाम घोषित कर दिया है। इन पदों को भरने के लिए 7 अप्रैल को विज्ञापन प्रकाशित किया गया था। कुल 3538 उम्मीदवारों ने इसके लिए आवेदन किया था, जिनमें से 2878 उम्मीदवार कम्प्यूटर आधारित परीक्षा में उपस्थित हुए, जबकि 660 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
वैज्ञानिक सहायक (पोस्ट कोड 25021) के लिए 4 उम्मीदवार शॉर्टलिस्ट
पोस्ट कोड 25021 के तहत वैज्ञानिक सहायक (डिजिटल फोरैंसिक्स- प्रशिक्षु) के सामान्य वर्ग के 1 पद के लिए भी परिणाम जारी कर दिया गया है। 20 जून को आयोजित इस परीक्षा के लिए 67 आवेदन प्राप्त हुए थे। परीक्षा में 32 उम्मीदवार उपस्थित और 35 अनुपस्थित रहे। आगामी चयन प्रक्रिया और दस्तावेज सत्यापन के लिए कुल 4 उम्मीदवारों को अस्थायी रूप से शॉर्टलिस्ट किया गया है।
आधिकारिक वैबसाइट पर चैक करें रिजल्ट
राज्य चयन आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि सभी परीक्षाओं के परिणाम आयोग द्वारा अनुमोदित मेरिट सूचियों और तय अनुपात के आधार पर संकलित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी अपना परीक्षा परिणाम और आगामी प्रक्रिया से जुड़ी अन्य सभी महत्वपूर्ण जानकारियां आयोग की आधिकारिक वैबसाइट पर जाकर प्राप्त कर सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

