Hamirpur : आंगनवाड़ी सहायिकाओं के 3 पदों पर भर्ती, इस दिन तक करें आवेदन

punjabkesari.in Thursday, Sep 24, 2026 - 02:29 PM (IST)

Hamirpur News :  बाल विकास परियोजना भोरंज के अंतर्गत ग्राम पंचायत भगेटू के आंगनवाड़ी केंद्र प्लासी, ग्राम पंचायत भौंखर के आंगनवाड़ी केंद्र भौंखर और ग्राम पंचायत कड़ोहता के आंगनवाड़ी केंद्र कठियानवीं में रिक्त सहायिका के एक-एक पद के लिए पात्र महिलाओं से सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित 21 अक्तूबर तक बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय भोरंज में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

सीडीपीओ सुनील कुमार ने बताया कि इन पदों के लिए आवेदक की आयु 24 सितंबर 2026 को 18 वर्ष से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा वह संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र की स्थायी निवासी होनी चाहिए और उसका नाम संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के परिवार सर्वेक्षण रजिस्टर में दर्ज होना चाहिए। सभी संसाधनों से उसके परिवार की वार्षिक आय पचास हजार रुपये से अधिक न हो। आय के संबंध में कार्यकारी दंडाधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र ही मान्य होगा। आंगनवाड़ी सहायिका के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता बारहवीं पास रखी गई है। इन पदों के लिए साक्षात्कार 23 अक्तूबर को सुबह 11 बजे एसडीएम कार्यालय भोरंज में होंगे। इस संबंध में अलग से कोई पत्र नहीं भेजा जाएगा। अधिक जानकारी के लिए सीडीपीओ कार्यालय भोरंज में संपर्क किया जा सकता है।

भर्ती प्रक्रिया कुल 25 अंकों के आधार पर होगी, जिसमें शैक्षणिक योग्यता के लिए अधिकतम 10 अंक मिलेंगे। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी सहायिका, मिनी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, बाल सेविका, बालवाड़ी अध्यापिका, नर्सरी टीचर, उसी पंचायत में कार्यरत सिलाई अध्यापिका, शिशु पालक के रूप में अनुभव के लिए अधिकतम 3 अंक दिए जाएंगे। एससी, एसटी या ओबीसी के लिए 2 अंक, 40 प्रतिशत या इससे अधिक दिव्यांगता पर भी 2 अंक मिलेंगे। स्टेट होम अथवा बालिका आश्रम की प्रवासिनी, अनाथ, विधवा, निराश्रित, परित्यक्ता, तलाकशुदा, विवाहित महिला जिसका पति पिछले 7 साल से लापता है, केवल दो बेटियों तक सीमित परिवार से संबंध रखने वाली अविवाहित प्रत्याशी या केवल दो बेटियों की माता होने पर भी 2 अंक मिलेंगे। जबकि, साक्षात्कार के लिए 3 अंक निर्धारित किए गए हैं।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News