हिमाचल में बारिश का कहर: 167 सड़कें बंद, 1033 करोड़ रुपए का नुकसान; हमीरपुर में स्कूल की दीवार गिरी
punjabkesari.in Thursday, Aug 20, 2026 - 09:59 AM (IST)
Himachal Weather Update : हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में जारी भारी बारिश के बीच बुधवार को हमीरपुर जिले के हथोल में एक सरकारी स्कूल में पास के बरसाती नाले (खड्ड) का पानी घुसने से दीवार गिर गई, जिसके बाद प्रशासन ने छात्रों को वहां से दूसरे स्थान पर भेज दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में शुक्कर खड्ड से पहलू को जोड़ने वाली सड़क के कुछ हिस्से बाढ़ के पानी के कारण पूरी तरह बह गए, जिससे दर्जनों गांवों का संपर्क टूट गया है। सड़क पर बड़े पैमाने पर हुए भूस्खलन के कारण कई वाहन मलबे में फंस गए हैं।
अधिकारियों ने लोगों से की ये अपील
हमीरपुर के अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अभिषेक गर्ग ने स्कूल की दीवार गिरने की पुष्टि करते हुए कहा कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि कश्मीर गांव में चार घरों के निवासी मलबे में फंस गए थे, जिन्हें सफलतापूर्वक बचाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। गर्ग ने बारिश के मौसम में लोगों से नदियों और नालों के पास जाने से बचने की अपील की। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश और उचित जल निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण परवाणू की सड़कों पर जलभराव हो गया है। कई वाहन पानी में फंस गए और डूबे हुए नजर आए। राज्य में भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन और पेड़ गिरने की घटनाएं हुई हैं, जिसके चलते एक राष्ट्रीय राजमार्ग समेत 167 सड़कें बंद हो गई हैं। अधिकारियों के अनुसार, करीब 130 ट्रांसफार्मर और पेयजल आपूर्ति की 222 योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, मंडी जिले में सबसे अधिक 84 सड़कें अवरुद्ध हैं, जिनमें धरमपुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-3 भी शामिल है। कुल्लू में 35, सिरमौर में 12, शिमला, कांगड़ा, हमीरपुर और ऊना में छह-छह, चंबा में चार, लाहौल-स्पीति में तीन तथा सोलन और बिलासपुर में दो-दो सड़कें बंद हैं। बारिश के कारण बिजली आपूर्ति के ढांचे को भी भारी नुकसान पहुंचा है। लाहौल-स्पीति में 68 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए हैं।
20 अगस्त को भी भारी बारिश जारी रहने की संभावना
इसके अलावा हमीरपुर में 42, सोलन में 12 तथा कुल्लू और कांगड़ा में दो-दो ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए हैं। बारिश से पेयजल आपूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। हमीरपुर में 107, सिरमौर में 55, बिलासपुर में 28, कांगड़ा में 26, शिमला में पांच और सोलन में एक पेयजल योजना प्रभावित हुई है। मौसम विभाग ने बताया कि 20 अगस्त को भी हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। इसके लिए कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सिरमौर, हमीरपुर और ऊना जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। कांगड़ा, सुंदरनगर, कुफरी, शिमला और मुरारी देवी में गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं हुईं। शिमला मौसम विज्ञान केंद्र ने 25 अगस्त तक राज्य में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। अधिकारियों के अनुसार, 30 जून को मानसून शुरू होने के बाद से अब तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में 84 लोगों की मौत हो चुकी है और राज्य को करीब 1,033 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

