हिमाचल में मानसून का कहर, अबतक 64 लोगों की मौत; 797 करोड़ रुपए का नुकसान

punjabkesari.in Friday, Aug 07, 2026 - 09:41 AM (IST)

Shimla News : जून के आखिर में हिमाचल प्रदेश में मॉनसून के आने के बाद से अबतक बारिश से जुड़ी घटनाओं में 64 लोगों की मौत हुई है, जिनमें 14 भूस्खलन और एक बार अचानक आई बाढ़ (फ्लैश फ्लड) की घटना शामिल है। अधिकारियों ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। प्रशासन ने राज्य को हुए नुकसान का अनुमान 797 करोड़ रुपये लगाया है।

स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (SEOC) के अनुसार, गुरुवार शाम तक हिमाचल प्रदेश में कुल 120 सड़कें बंद थीं, जबकि 60 जलापूर्ति योजनाएं और 39 ट्रांसफार्मर बाधित हुए थे। अधिकारियों ने बताया कि किन्नौर जिले के नेगुलसारी में भूस्खलन के कारण बंद हुई पुरानी हिंदुस्तान-तिब्बत सड़क (नेशनल हाईवे 5) को वाहनों की आवाजाही के लिए फिर से खोल दिया गया है। वहीं, मंडी में 38, कुल्लू में 31, सिरमौर में 26, शिमला में 13, चंबा और कांगड़ा में पांच-पांच और ऊना जिले में दो सड़कें अभी भी बंद थीं।

शिमला मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य में कुछ जगहों पर 12 अगस्त तक भारी बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया। बता दें कि प्रदेश के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश जारी है। बुधवार से पिछले 24 घंटों में मनाली में 65 मिमी बारिश हुई, इसके बाद धर्मशाला में 64 मिमी बारिश दर्ज की गई। नाहन में 63.2 मिमी, नैना देवी में 62.8 मिमी, शिमला में 35.2 मिमी, कसोल में 32 मिमी और सराहन में 30.1 मिमी बारिश हुई। सुंदरनगर में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की घटना हुई।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News