चम्बा के भटियात में बारिश का कहर, भूस्खलन के मलबे में फंसा टैंपो...चालक ने भागकर बचाई जान
punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2026 - 06:56 PM (IST)
तुनुहट्टी (संजय): चम्बा जिले के भटियात क्षेत्र में मूसलाधार बारिश ने जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार हो रही बारिश के कारण जगह-जगह पहाड़ियां दरकने और भूस्खलन होने से कई प्रमुख मार्ग घंटों तक वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहे। इससे यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण बकलोह-भराड़ी-चुवाड़ी सड़क मार्ग पर गाहर दा गट्टू नामक स्थान पर रात करीब 10 बजे पहाड़ी से मलबा और भारी पत्थर आ गिरे। इससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। इस दौरान कुछ चालकों ने जोखिम उठाकर मार्ग पार करने का प्रयास किया। इसी बीच जैतरून निवासी एक टैंपो चालक, जो चुवाड़ी से सामान लेकर भराड़ी गया था, वापसी में गाहर दा गट्टू के पास मलबे में फंस गया।
चालक ने वाहन निकालने की बहुत कोशिश की, लेकिन पहाड़ी से लगातार गिरते मलबे को देखकर उसने सूझबूझ दिखाई और वाहन छोड़कर सुरक्षित स्थान पर भागकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में भारी मात्रा में मलबा टैंपो के चारों ओर जमा हो गया। शनिवार सुबह लोक निर्माण विभाग की टीम मशीनरी के साथ मौके पर पहुंची। करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से मलबे में फंसे टैंपो को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मार्ग पर भारी मलबा होने के कारण विभागीय कर्मचारी दिनभर सड़क को बहाल करने में जुटे रहे।

तुनुहट्टी-लाहड़ू-धर्मशाला मार्ग पर गिरी विशाल चट्टान
उधर, तुनुहट्टी-लाहड़ू-धर्मशाला मार्ग पर भी भूस्खलन देखने को मिला। ककीरा घार के समीप रात करीब साढ़े 10 बजे पहाड़ी से एक विशाल चट्टान और मलबा सीधा सड़क पर आ गिरा। गनीमत रही कि उस समय वहां से कोई वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था, जिससे एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया। शनिवार सुबह लोक निर्माण विभाग ने 2 जेसीबी मशीनों की मदद से इस भारी चट्टान को हटाकर किनारे किया और मार्ग को यातायात के लिए बहाल किया।
रातभर ठप्प रहे लाहड़ू-नूरपुर व नैनीखड्ड मार्ग
भूस्खलन का असर अन्य मार्गों पर भी दिखा। लाहड़ू-नूरपुर मार्ग पर टिक्कर गला क्षेत्र में मलबा और पत्थर गिरने से पूरी रात यातायात ठप्प रहा। इसी तरह नैनीखड्ड-मेल सड़क पर भी कई स्थानों पर मलबा आने से मार्ग रातभर बंद रहा। सुबह इन मार्गों पर जेसीबी की सहायता से मलबा साफ कर यातायात सुचारू किया गया।

प्रशासन की लोगों से अपील, अनावश्यक यात्रा से बचें
लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान पूरी सतर्कता बरतें और मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा करने से बचें। वहीं, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ (ककीरा) राजकुमार ने बताया कि प्रभावित मार्गों की लगातार निगरानी की जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभाग की मशीनरी और कर्मचारी पूरी तरह से मुस्तैद और तैयार हैं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

