Himachal: मणिमहेश यात्रा में दुखद घटना, शून्य से नीचे तापमान और बर्फीली हवाओं ने ली श्रद्धालु की जान
punjabkesari.in Friday, Sep 18, 2026 - 08:14 PM (IST)
चम्बा/भरमौर (काकू): हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में चल रही पवित्र मणिमहेश यात्रा के दौरान एक दुखद घटना सामने आई है। समुद्र तल से करीब 13,500 फुट की ऊंचाई पर स्थित मणिमहेश डल झील के समीप अत्यधिक ठंड की चपेट में आने से एक 82 वर्षीय बुजुर्ग श्रद्धालु की मौत हो गई। मृतक की पहचान जयराम शर्मा निवासी गांव कलरबत्ता, जिला किश्तवाड़ (जम्मू-कश्मीर) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जयराम शर्मा कमल सिंह वजीर की पारंपरिक छड़ी के जत्थे के साथ मणिमहेश यात्रा पर आए थे। वह छड़ी जत्थे के अन्य श्रद्धालुओं के साथ कठिन पैदल चढ़ाई पार करते हुए सुरक्षित रूप से मणिमहेश डल झील तक पहुंच गए थे।
बताया जा रहा है कि उच्च हिमालयी क्षेत्र में हाल ही में हुई बर्फबारी और लगातार चल रही बर्फीली हवाओं के कारण डल झील परिसर में रात के समय तापमान शून्य से काफी नीचे चला गया था। हाड़ कंपा देने वाली इस ठंड के कारण रात के समय जयराम शर्मा की तबीयत अचानक बिगड़ गई। जत्थे में शामिल साथी श्रद्धालुओं और सेवादारों ने उन्हें संभालने का पूरा प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक ठंड के चलते कुछ ही पलों में उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना तुरंत यात्रा मार्ग पर तैनात प्रशासनिक व पुलिस दल को दी गई। इसके बाद राहत दल और साथी यात्रियों के सहयोग से बुजुर्ग के शव को बेहद दुर्गम और कठिन रास्तों से होते हुए नीचे सड़क मार्ग तक लाया गया। वहां से वाहन के जरिए शव को नागरिक अस्पताल भरमौर पहुंचाया गया।
चम्बा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस द्वारा घटना की सूचना मृतक के परिजनों को जम्मू-कश्मीर दे दी गई है। वहीं, खंड चिकित्सा अधिकारी भरमौर डॉ. दीपेश बराल ने बताया कि शव को नागरिक अस्पताल भरमौर के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया गया है। परिजनों के भरमौर पहुंचने और उनके द्वारा शव की औपचारिक शिनाख्त करने के बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके उपरांत शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

