हिमाचल में पहली बार चुनावी रैली करने आ रही प्रियंका गांधी

punjabkesari.in Thursday, May 09, 2019 - 05:24 PM (IST)

शिमला (योगराज): 5 चरणों के मतदान के बाद अब हिमाचल प्रदेश में भी चुनावी पारा चढ़ने वाला है। कांग्रेस और भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व अब हिमाचल का रुख करने वाला है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी हिमाचल प्रदेश में चुनावी तपिश बढ़ाने के लिए आ रहे हैं। सबसे खास बात यह है कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पहली बार हिमाचल में चुनावी जनसभा करने आ रही हैं। इससे पहले कभी उन्होंने हिमाचल में कोई रैली या चुनावी जनसभा नहीं की है।
PunjabKesari, Press Conference Image

गुलाम नबी आजाद भी आएंगे हिमाचल

कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने राजीव भवन शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि हिमाचल में कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की 2 जनसभाओं की अनुमति मिल गई है। 10 मई हमीरपुर लोकसभा के ऊना में राहुल गांधी जनसभा को संबोधित करेंगे। 17 मई को शिमला संसदीय क्षेत्र के ठियोग और मंडी संसदीय क्षेत्र के सुंदरनगर में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की चुनावी जनसभाएं लगभग फाइनल हो गई हैं। सोलन में भी राहुल गांधी का कार्यक्रम बन रहा है, जिसकी तिथि तय नहीं हुई है। 12 व 13 को गुलाम नबी आजाद भी हिमाचल आएंगे। इसके अलावा भी देश के बढ़े नेता हिमाचल प्रचार में आएंगे।
PunjabKesari, Press Conference Image

5 करोड़ गरीबों को 72 हजार सालाना देगी कांग्रेस

उन्होंने कहा कि देश की जनता को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस पार्टी 5 करोड़ गरीबों को 72 हजार सालाना देगी। इसका पैसा घर की महिला के खाते में जमा होगा। पी.एम. नरेन्द्र मोदी बौखलाहट में अनाप-शनाप बोल रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी के ऊपर पी.एम. के बयानों से लगता है कि मोदी अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं व उनको अपनी हार सामने दिख रही है। इसलिए इस तरह के बयान दे रहे हैं। हिमाचल में कांग्रेस पार्टी चारों सीटें जीत रही है।

जयराम ठाकुर की सरकार नाकाम सरकार

उन्होंने प्रदेश में जयराम ठाकुर की सरकार को नाकाम सरकार बताया। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है। महिलाएं यहां सुरक्षित नहीं हैं। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद 2018 में सबसे ज्यादा 248 रेप केस दर्ज हुए, जिससे साफ है कि भाजपा सरकार के दौरान कानून का डर अपराधियों के दिलों से निकल चुका है। ताजा रेप मामलों में भी कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

मोदी ने हिमाचल से किए वायदे नहीं किए पूरे : राठौर

सयुंक्त पत्रकार वार्ता के दौरान पार्टी प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने पी.एम. मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी ने हिमाचल में आकर जो भी वायदे किए वह आज तक पूरे नहीं हुए। उन्होंने कहा कि मोदी ने हिमाचल की जनता से सेब पर आयात ड्यूटी को बढ़ाने, मंडी के द्रंग में नमक खान को शुरू करने व प्रदेश में सेना की अलग बटालियन देने का वायदा किया था, जिसमें से कोई भी वायदा पूरा नहीं हुआ। वहीं शिमला में हवाई चप्पल वाले को हवाई सफर करवाने का वायदा किया था लेकिन लोगों को हजारों रुपए देकर महंगा सफर करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कमजोर शासक के चलते अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, जिससे रेप, मर्डर व दलितों पर अत्याचार बढ़ रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Related News