आजादी के 79 साल बाद हिमाचल के इस गांव में पहली बार पहुंची बस, MLA केवल सिंह पठानिया ने दिखाई हरी झंडी

punjabkesari.in Saturday, Aug 08, 2026 - 07:53 PM (IST)

शाहपुर/कांगड़ा (ब्यूराे): कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले करेरी गांव के लिए शनिवार का दिन एक ऐतिहासिक सौगात लेकर आया। आजादी के 79 वर्ष बीत जाने के बाद आखिरकार इस गांव के लोगों का बस सुविधा का लंबा इंतजार खत्म हो गया है। विधायक एवं उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शनिवार को करेरी गांव के लिए एक 28 सीटर बस को हरी झंडी दिखाकर इस बहुप्रतीक्षित सेवा का विधिवत शुभारंभ किया।

दशकों पुरानी मांग पूरी होने और गांव में पहली बार बस पहुंचने पर स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने विधायक केवल सिंह पठानिया का गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया और इस सौगात के लिए उनका आभार जताया। इस अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए पठानिया ने कहा कि परिवहन सुविधा न होने के कारण क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन अब इस बस सेवा के शुरू होने से न केवल ग्रामीणों का सफर आसान होगा, बल्कि उनका समय और पैसा भी बचेगा।

PunjabKesari

विधायक पठानिया ने स्पष्ट किया कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है और आने वाले समय में क्षेत्र में परिवहन सुविधाओं का और अधिक विस्तार किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण करेरी ट्रैक को विकसित करने के लिए करीब 2 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा, उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र के लंबित सड़क निर्माण कार्यों को भी जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि ग्रामीणों को बेहतर कनैक्टिविटी मिल सके।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News