Kangra News: डमटाल में पुलिस का बड़ा एक्शन, नशा तस्कर का अवैध निर्माण जमींदोज

punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2026 - 08:12 PM (IST)

इंदौरा (अजीज): हिमाचल प्रदेश में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस और प्रशासन ने अपनी रणनीति को और सख्त कर दिया है। अब केवल नशे की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी तक ही सीमित न रहकर, नशे के कारोबारियों की अवैध संपत्तियों और निर्माणों पर भी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में बुधवार को उपमंडल इंदौरा के डमटाल में एनडीपीएस मामले के एक आरोपी के अवैध निर्माण को प्रशासन ने पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया।

सक्षम प्राधिकारी के आदेश पर हुई कार्रवाई
यह कड़ी कार्रवाई सक्षम प्राधिकारी के आदेशों के अनुपालन में अमल में लाई गई है। पुलिस के अनुसार डमटाल निवासी आरोपी शशि कुमार पुत्र गुरदयाल सिंह के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत पहले से ही दो मामले दर्ज हैं। आरोपी का मामला सक्षम प्राधिकारी के समक्ष भेजा गया था, जहां से आदेश प्राप्त होने के बाद संबंधित नियमों के तहत इस अवैध निर्माण को गिराया गया। अवैध निर्माण को ढहाने की इस कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार के विरोध या तनाव से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस की कड़ी निगरानी के बीच यह पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।

तस्करों की अवैध संपत्तियों पर कसा जाएगा शिकंजा
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस जिला नूरपुर के एएसपी धर्म चंद वर्मा ने बताया कि नूरपुर पुलिस नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। डमटाल में हुई यह कार्रवाई इस बात का स्पष्ट संदेश है कि कानून से खिलवाड़ करने वाले और नशे का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ किसी भी तरह की ढील नहीं बरती जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे अपराधियों की संदिग्ध संपत्तियों और अवैध निर्माणों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

अफवाहों पर ध्यान न दें, शांति व्यवस्था बनाए रखें लोग : एएसपी
एएसपी धर्म चंद वर्मा ने आम जनता से अपील की है कि इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखें और किसी भी तरह की अफवाहों पर बिल्कुल भी ध्यान न दें। प्रशासन की इस कार्रवाई को नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी और सख्त चेतावनी के तौर पर देखा जा रहा है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News