जिला कांगड़ा में 13 अगस्त से खुलेंगे स्कूल
punjabkesari.in Saturday, Aug 08, 2026 - 05:49 PM (IST)
धर्मशाला (सुनील): कांगड़ा जिले में 13 अगस्त से सभी सरकारी और निजी स्कूल नियमित रूप से खुलेंगे। जिले के अधिकांश शैक्षणिक संस्थानों में 12 जुलाई से पड़ीं एक महीने की मानसून छुट्टियां 12 अगस्त को आधिकारिक रूप से समाप्त हो रही हैं। हालांकि, इन्दौरा, फतेहपुर, नूरपुर और नगरोटा सूरियां सब-डिवीजन के स्कूलों में ये छुट्टियां लागू नहीं थीं, क्योंकि वहां गर्म इलाकों के शैड्यूल के तहत छुट्टियां पहले ही हो चुकी थीं।
अब छुट्टियों की अवधि खत्म होते ही 13 अगस्त से पूरे जिले में पठन-पाठन का कार्य फिर से सुचारू रूप से शुरू कर दिया जाएगा, जिसको लेकर शिक्षा विभाग की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उपनिदेशक उच्च शिक्षा अजय सम्बयाल ने कहा कि 12 अगस्त को बरसात की छुट्टियां खत्म हो रही हैं और 13 अगस्त से सभी स्कूल सुचारू रूप से खुलेंगे। उच्च शिक्षा निदेशक के निर्देशों का पालन करते हुए जिला कांगड़ा के सभी शैक्षणिक संस्थानों में 15 अगस्त का कार्यक्रम गरिमामय तरीके से आयोजित किया जाएगा।

