4 नशा तस्करों की 50 लाख रुपए से ज्यादा की संपत्ति सीज : गौरव सिंह

punjabkesari.in Tuesday, Mar 09, 2021 - 09:26 PM (IST)

कुल्लू (संजीव जैन): कुल्लू पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 नशा तस्करों की 50 लाख रुपए से ज्यादा की संपत्ति सीज व फ्रीज की है। एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने जानकारी देते हुए हुए कहा कि कुल्लू पुलिस की एसआईयू और बंजार थाना की संयुक्त टीम ने 13 व 14 जनवरी को बंजार के क्षेत्र के बड़े माफियाओं पर दबिश देते हुए करीब 123 किलोग्राम चरस, 295 किलो से ज्यादा गांजा और 2 गैर-लाइसैंसी बंदूकें बरामद की थीं और मौका से 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिसमें बाद में 2 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपी अभी ज्यूडिशियल कस्टडी में हैं। एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने बताया कि इनमें 111 किलो चरस की खेप के मुख्य आरोपी सप्लायर लोटराम और 11.588 किलो चरस के आरोपी खूब राम की फाइनांशियल इन्वेस्टिगेशन की गई, जिसमें पता चला कि आरोपी लोटराम दूरदराज गांव में रहता है।

आरोपी के परिवार में कोई भी सदस्य सरकारी या प्राइवेट जॉब नहीं करता है। इसके पास कोई बगीचा भी नहीं है। इसकी आय का कोई पर्मानैंट साधन नहीं है। इसके बावजूद आरोपी ने अक्तूबर, 2019 में पटवार सर्कल तरगाली में 00-03-00 बीघा जमीन करीब 5.80 लाख रुपए नकद में खरीदी है। आरोपी ने बंजार में एक अकमोडेशन और हार्डवेयर की दुकान 6500 रुपए प्रतिमाह किराए पर ली है। आरोपी ने अपने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते को सितम्बर, 2019 में शुरू किया और इससे 50 लाख रुपए से ज्यादा की ट्रांजैक्शन्स की हैं। आरोपी ने अपने पीएनबी खाते से 8.5 लाख रुपए से ज्यादा की ट्रांजैक्शन्स की हैं।

आरोपी खूबराम लेबर का काम करता है और दूरदराज गांव में रहता है। आरोपी के परिवार में कोई भी सदस्य सरकारी या प्राइवेट जॉब नहीं करता है। इसके पास कोई बगीचा भी नहीं है और न ही कोई जमीन है। इसकी आय का कोई पर्मानैंट साधन नहीं है। इसके बावजूद आरोपी ने अपने पीएनबी खाने से लाखों की ट्रांजैक्शन्स की हैं और 23 लाख से ज्यादा की संपत्ति अर्जित की। इतने कम समय में इतनी संपत्ति अर्जित करना और इतने बड़े ट्रांजैक्शन्स करना किसी भी प्रकार से इन आरोपियों की आय के अनुरूप नहीं है।

उक्त आरोपियों की करीब 40 लाख रुपए की संपत्ति को सीज व फ्रीज किया गया है। इसके साथ ही 1.596 किलो चरस के एक अन्य केस में दो आरोपियों की 7 लाख रुपए से ज्यादा की अवैध संपत्ति फाइनांशियल इन्वैस्टिगेशन में सीज व फ्रीज की गई है। एसपी ने बताया कि कुल्लू पुलिस द्वारा अभी तक एनडीपीएस के 16 केसों में 22 आरोपियों की ड्रग्स के अवैध व्यापार से अर्जित 3.5 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति को जब्त किया जा चुका है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News