हिमाचल के इन IPS अफसरों की ADGP, IG और DIG पदों पर हुई प्रमोशन, सरकार ने जारी किए आदेश
punjabkesari.in Friday, Jan 23, 2026 - 09:23 PM (IST)
शिमला (ब्यूरो): प्रदेश सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को प्रमोशन और चयन ग्रेड प्रदान करने के आदेश जारी किए हैं। गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचनाओं के अनुसार ये सभी पदोन्नतियां 1 जनवरी, 2026 से प्रभावी होंगी।
सरकार ने 2013 बैच के आईपीएस अधिकारियों गौरव सिंह, पुलिस अधीक्षक जिला सोलन और अर्जित सेन ठाकुर, पुलिस अधीक्षक एसडीआरएफ जुन्गा, जिला शिमला को चयन ग्रेड लेवल-13 प्रदान किया है। वहीं 2001 बैच के आईपीएस अधिकारी डाॅ. अतुल कुमार दिगंबर फुलझेले को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) के पद पर पदोन्नत किया गया है। वह वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत हैं और यह पदोन्नति प्रोफॉर्मा आधार पर दी गई है।
इसके अलावा 2008 बैच के आईपीएस अधिकारियों को पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) के पद पर पदोन्नति दी गई है। इनमें अरुल कुमार और जी. शिवकुमार, जो केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं, को प्रोफॉर्मा आधार पर पदोन्नति मिली है, जबकि डाॅ. डीके चौधरी, प्रिंसीपल पुलिस ट्रेनिंग काॅलेज डरोह, जिला कांगड़ा को नियमित आधार पर आईजी बनाया गया है।
वहीं 2012 बैच के आईपीएस अधिकारियों को उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) के पद पर पदोन्नति दी गई है। इनमें शालिनी अग्निहोत्री (केंद्रीय प्रतिनियुक्ति, प्रोफॉर्मा आधार), रोहित मलपानी (पुलिस अधीक्षक, साइबर क्राइम शिमला), डाॅ. खुशाल चंद शर्मा (कमांडैट, द्वितीय आईआरबीएन सकोह, जिला कांगड़ा), संजीव कुमार गांधी (पुलिस अधीक्षक, जिला शिमला), डाॅ. रमेश चंदर छाजटा (एसपी, लीव रिजर्व, पुलिस मुख्यालय शिमला) और देवाकर शर्मा (कमांडैंट, चतुर्थ आईआरबीएन जंगलबेरी, जिला हमीरपुर) शामिल हैं। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि सभी पदोन्नतियां स्क्रीनिंग कमेटी की सिफारिशों के आधार पर की गई हैं और इन फैसलों से प्रदेश में पुलिस प्रशासन को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।

