PGI रैफर करने पर गर्भवती महिला ने ऊना अस्पताल में किया हंगामा, डॉक्टरों को बुलानी पड़ी पुलिस
punjabkesari.in Friday, Sep 29, 2023 - 12:33 AM (IST)

ऊना (विशाल): एक गर्भवती महिला को पीजीआई चंडीगढ़ रैफर करने और चंडीगढ़ में चिकित्सकों द्वारा केस न लेने को लेकर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में हंगामा हो गया। वीरवार को महिला क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में स्त्री रोग विशेषज्ञ के पास आ पहुंची और उसने चिकित्सक पर उसको अकारण रैफर करने के आरोप लगाए। विशेषज्ञ चिकित्सक ने उन्हें सही कारण से रैफर करने की बात कही, जिसके बाद गर्भवती महिला संतुष्ट नहीं हुई और हंगामा शुरू हो गया। चिकित्सक द्वारा पुलिस को बुलाया गया और काफी देर तक गहमागहमी होती रही। बाद में महिला ने क्षेत्रीय अस्पताल में उपचार करवाने से इंकार कर दिया और अधिकारियों के समझाने के बाद मामला हल हुआ।
महिला ने लगाए ये आरोप
सूरी निवासी सपना देवी (21) का आरोप था कि वह क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंची थी और चैकअप करवाने के लिए स्त्री रोग विशेषज्ञ के पास गई। विशेषज्ञ चिकित्सक ने उसे बताया कि खून 6 ग्राम है जिसके चलते यहां प्रसूति करवाने में समस्या आ सकती है, जिसके चलते उसे पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया। वह पीजीआई गई और वहां के चिकित्सकों ने उन्हें एडमिट नहीं किया।
क्या कहते हैं चिकित्सक
क्षेत्रीय अस्पताल ऊना की स्त्री रोग विशेषज्ञ चिकित्सक का कहना है कि महिला की प्रसूति में जटिलताएं थीं जिसके चलते उसे पीजीआई रैफर किया गया था। महिला से पीजीआई के चिकित्सकों की स्लिप मांगी गई थी लेकिन वह उसके पास नहीं थी। प्रसूति संबंधित समस्याओं और महिला के स्वास्थ्य को देखते हुए ही उसे रैफर किया गया था। सभी मरीजों को सही उपचार दिया जाना उनकी प्राथमिकता है। वहीं एमएस डाॅ. विकास चौहान ने कहा कि इस मामले में दोनों पक्षों से बात की गई थी जिसके बाद मामला हल कर लिया गया है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here