नगर निगम पालमपुर की Mayor बनीं पूनम बाली, अनीश नाग बने Vice Mayor

punjabkesari.in Tuesday, Apr 13, 2021 - 06:12 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): नवगठित नगर निगम पालमपुर में महापौर पद का दायित्व महिला संभालेगी। भरमात वार्ड से विजेता रही पूनम बाली नगर निगम पालमपुर की पहली मेयर बनीं है जबकि आईमा वार्ड से निर्वाचित अनीश नाग उपमहापौर होंगे। नगर निगम पालमपुर में महापौर पद प्रथम अढ़ाई वर्ष के लिए अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किया गया है, ऐसे में कांग्रेस वर्चस्व वाली नगर निगम में यह कमान पूनम बाली को सौंपी गई है।

महापौर तथा उप महापौर पद के नाम को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार को दिनभर कांग्रेस नेताओं द्वारा माथापच्ची की गई तथा सभी पार्षदों का पक्ष जानने के बाद पैनल पार्टी हाईकमान को भेजा गया जिसके पश्चात पार्टी हाईकमान ने पूनम बाली तथा अनीश नाग के नाम पर अंतिम मोहर लगाई।

मंगलवार को नगर निगम के सभी निर्वाचित पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया जिसके ठीक बाद महापौर तथा उप महापौर पद के लिए चुनाव प्रक्रिया अपनाई गई। इसमें पूनम बाली को सर्वसम्मति से महापौर तथा अनीश नाग को उपमहापौर चुना गया। चुनाव प्रक्रिया में भाजपा और निर्दलीय दो-दो पार्षदों ने भी भाग लिया।

बता दें कि पूनम बाली करीब दो दशक से कांग्रेस को सेवाएं देने के साथ वह 15 साल से महिला मंडल की प्रधान भी हैं। पालमपुर नगर निगम में कांग्रेस पार्टी के पास स्पष्ट बहुमत था। यहां पर कांग्रेस यहां कुल 15 सीटों में से 11 पर कब्जा करने में कामयाब हुई है। भाजपा को यहां केवल दो सीटें ही मिल पाई हैं, जबकि दो सीटों पर कांग्रेस व भाजपा से बागी होकर आजाद चुनाव लड़े उम्मीदवारों ने कब्जा किया था।

कांग्रेस के नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा कि पालमपुर में कांग्रेस का मेयर और डिप्टी मेयर सर्वसम्मति से चुना गया है। ऐसे में उन्होंने कांग्रेस के सीनियर नेता और बृज बिहारी बुटेल को बधाई दी है। बता दें कि चार नगर निगमों के चुनाव में पालमपुर में सतारूढ भाजपा को करारी हार मिली थी। उसके केवल दो ही पार्षद यहां जीतकर आए हैं। 11 सीटों पर कांग्रेस का कब्जा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News