Kangra: देहरा-ज्वाली मार्ग पर हादसा, खाई में गिरी कार के उड़े परखच्चे...जानें कैसे बची शिक्षक की जान

punjabkesari.in Friday, Feb 20, 2026 - 10:46 PM (IST)

हरिपुर (गगन): देहरा-ज्वाली सड़क मार्ग पर शुक्रवार काे उस समय एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया जब हरिपुर से गुलेर की ओर जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 फुट नीचे खाई में जा गिरी। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में कार चालक की जान बच गई और उसे केवल हल्की चोटें आई हैं, हालांकि वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। हादसे के तुरंत बाद घायल चालक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरिपुर ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया। हालांकि, एहतियात के तौर पर डॉक्टरों ने उसे कुछ जरूरी जांच करवाने की सलाह दी है।

जानकारी के अनुसार पेशे से अध्यापक कार सवार हरिपुर से गुलेर की तरफ जा रहा था। हैप्पी ट्रांसपोर्टर के घर के पास अचानक चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। इसके चलते कार सड़क से नीचे लुढ़क गई और करीब 50 फुट खाई में जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार अगर गाड़ी पुल से थोड़ा आगे की तरफ गिरती तो एक बड़ी जनहानि हो सकती थी। बताया जा रहा है कि गाड़ी की बॉडी काफी मजबूत थी, जिसके कारण इतनी नीचे गिरने के बावजूद चालक सुरक्षित बच गया और बड़ा नुक्सान टल गया।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस स्थान से गाड़ी नीचे गिरी, वहां सड़क किनारे कोई पैरापिट या क्रैश बैरियर नहीं था, जबकि घटनास्थल के आगे और पीछे क्रैश बैरियर लगे हुए थे। लोगों का कहना है कि यदि उस विशेष स्थान पर भी पैरापिट होता, तो शायद यह हादसा टल सकता था या गाड़ी नीचे नहीं गिरती। उधर, पुलिस के अनुसार इस घटना को लेकर वाहन चालक के बयान के आधार पर फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News