हिमाचल की सर्द फिजाओं के बीच कांग्रेस में सियासी घमासान, वीरभद्र-सुक्खू में जुबानी हमले तेज

punjabkesari.in Sunday, Jan 13, 2019 - 10:52 PM (IST)

शिमला (पंकज राक्टा): हिमाचल में बढ़ती सर्द फिजाओं के साथ कांग्रेस में सियासी घमासान भी बढ़ता ही जा रहा है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पद पर कुलदीप सिंह राठौर की नियुक्ति करने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सीधे तौर पर एक-दूसरे पर जुबानी हमला तेज कर दिया है। ऐसा होने से लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस की दिक्क तें बढ़ सकती हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार नेताओं के जुबानी हमले के साथ वीरभद्र और सुक्खू समर्थक एक-दूसरे के कार्यक्रमों से किनार कर रहे हैं, जिससे कांग्रेस में गुटबाजी कम होने की बजाय बढ़ती जा रही है।

कांग्रेस विधानसभा चुनाव में भुगत चुकी है परिणाम

कहा यह भी जा रहा है कि हिमाचल कांग्रेस के पूर्व प्रभारी सुशील कुमार शिंदे से लेकर वर्तमान प्रभारी रजनी पाटिल भी पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सूक्खू के बीच चल रहे मतभेद को दूर नहीं कर पाए हैं, ऐसे में लोकसभा चुनाव से पहले हाईकमान को यहां पार्टी अध्यक्ष पद पर ही फेरबदल करना पड़ गया। इस जुबानी जंग पर विराम लगाना नवनियुक्त अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनती नजर आ रही है। कांगे्रस आपसी गुटबाजी का परिणाम बीते विधानसभा चुनाव में भुगत चुकी है, ऐसे में देखना होगा कि हाईकमान और नवनियुक्त अध्यक्ष किसी तरह से इसका तोड़ निकालते हैं।

17 को होने वाली जनसभा में पाटिल रहेंगी मौजूद

प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन नरेश चौहान ने कहा कि कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष राठौर 17 जनवरी को पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में पहुंचकर अपना कार्यभार संभालेंगे। इससे पहले वह प्रदेश कांग्रेस की तरफ से चौड़ा मैदान में आयोजित होने वाली जनसभा में भाग लेंगे। जनसभा में प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल मुख्य रूप से मौजूद रहेंगी। इसके साथ ही पूर्व सी.एम. वीरभद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित अन्य नेता भी जनसभा में मौजूद रहेंगे।

राठौर का चंडीगढ़ से लेकर शिमला तक हुआ स्वागत

कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर रविवार को शिमला पहुंचे। इस दौरान चंडीगढ़ से लेकर शिमला तक विभिन्न स्थानों पर पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। शिमला के प्रवेश द्वार शोघी में भी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News