4 जून को कांग्रेस की फिल्म होगी ब्लॉकबस्टर हिट, वर्ष 2027 में दूसरा पार्ट इससे भी ज्यादा रहेगा हिट : सुक्खू

punjabkesari.in Tuesday, May 14, 2024 - 06:20 PM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि 4 जून को कांग्रेस की फिल्म ब्लॉकबस्टर हिट होगी और इसका वर्ष 2027 में आने वाला दूसरा पार्ट इससे भी ज्यादा हिट रहेगा। यह बात उन्होंने मंगलवार को धर्मशाला से कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र सिंह जग्गी के नामांकन भरने के उपरांत दाड़ी में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने इस दौरान पूर्व विधायक व भाजपा प्रत्याशी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक 14 माह के कार्यकाल में धर्मशाला के विकास का कोई भी कार्य लेकर उनके पास नहीं आए। क्षेत्र की जनता कार्याें को लेकर आती थी। इस समयावधि के दौरान पूर्व विधायक ने केवल उनके समक्ष आवासीय कालोनी बनाकर जमीन को महंगे दामों पर बेचने की बात रखी थी, जिसे उन्होंने स्वीकार नहीं किया था। पूर्व विधायक के भ्रष्टाचार के मामलों की सूची को तैयार किया जा रहा है और आधा धर्मशाला खरीदने वाले के भ्रष्टाचार के मामलों को 10 दिनों के भीतर सार्वजनिक किया जाएगा। 

मुख्यमंत्री ने पूर्व विधायक को सरगना बताते हुए पैसों में खुद व अन्य 5 विधायकों के बिकने का एक बार फिर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बिके हुए विधायकों के सरगना ने बहुत पैसे हरियाणा में जाकर लिए हैं। अब जल्द ही जनता को बांटने का भी काम करेंगे। इससे पहले जनता के पैसे लूटकर 20 करोड़ रुपए का घर बना लिया और चुनावों के बाद घर में सोए रहे जबकि जनता के लिए उनके घर के दरवाजे बंद रहे। उन्होंने कहा कि पैसे का इतना लालच था कि पूर्व विधायक ने अपने पिता जोकि प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष व मंत्री रहे, उनके बारे भी नहीं सोचा। धोखा देकर राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की बजाय भाजपा को वोट डाल दिया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए नहीं है, वो सुरक्षित है, लेकिन यह जो चुनाव होगा, हिमाचल की भावनाओं का चुनाव होगा।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News