AI Summit पर सियासी घमासान: नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस को बताया राष्ट्र विरोधी, मंत्रियों ने किया पलटवार
punjabkesari.in Friday, Feb 20, 2026 - 09:39 PM (IST)
शिमला (ब्यूरो): दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान कांग्रेस द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन को लेकर हिमाचल प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इसे लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है, वहीं हिमाचल सरकार के कैबिनेट मंत्रियों ने दिल्ली से ही मोर्चा संभालते हुए भाजपा के आरोपों का जवाब दिया है।
शिमला से जारी एक बयान में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस के विरोध को राष्ट्र विरोधी करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वैश्विक मंचों पर भारत को बदनाम करना कांग्रेस की पुरानी आदत बन चुकी है। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज पूरा विश्व भारत की तकनीकी क्षमता और नवाचार का सम्मान कर रहा है। ऐसे समय में जब देश नई ऊंचाइयों को छू रहा है, कांग्रेस अपनी ओछी राजनीति के जरिए देश के सम्मान को ठेस पहुंचाने का शर्मनाक प्रयास कर रही है। उन्होंने सीधे तौर पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी और उनकी मंडली भारत की सफलता से घबराई हुई है। ठाकुर ने दावा किया कि कांग्रेस का यह विरोध सरकार के खिलाफ नहीं बल्कि देश के खिलाफ है, जिसका उद्देश्य विदेशी मंचों पर भारत को कमजोर दिखाना और निवेशकों को भ्रमित करना है।
देश को धोखा मिला तो चुप नहीं रहेगी कांग्रेस
दूसरी तरफ, दिल्ली पहुंचे हिमाचल प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चंद्र कुमार और जगत सिंह नेगी ने जयराम ठाकुर के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में दोनों मंत्रियों ने एआई समिट के दौरान कांग्रेस के प्रदर्शन को जायज ठहराया। कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने कहा कि इस प्रदर्शन से देश या केंद्र सरकार की छवि धूमिल होने जैसी कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि इस विषय को तोड़-मरोड़ कर अपने तरीके से पेश करने का प्रयास किया जा रहा है। बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने आक्रामक रुख अपनाते हुए कहा कि अगर केंद्र सरकार अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कोई गलती करती है, तो शांतिपूर्ण तरीके से उसका विरोध करना हमारा लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बेवजह दखल नहीं दे रही, लेकिन यदि देश के साथ कोई धोखा होगा तो पार्टी चुप नहीं बैठेगी। भाजपा की हर बात को सच मान लेना सही नहीं है।

