Shimla: कांग्रेस सरकार की विफलता से देवभूमि बन रही अपराध भूमि: अनुराग

punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 05:07 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में बढ़ती अपराध की घटनाओं व मंडी में छात्रा की गला काटकर निर्मम हत्या पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार की विफलता के चलते देवभूमि में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आंकड़े गवाही दे रहे हैं। अनुराग ठाकुर ने शिमला से जारी बयान में कहा कि शांत प्रदेश आज कांग्रेस सरकार की विफल नीतियों व नाकामी के कारण अपराध व अप्रिय घटनाओं का दंश झेल रहा है। यह देखना अत्यंत दुखद है कि हिमाचल में हिंसक घटनाओं की बाढ़ आ गई है। उन्होंने कहा कि सरकाघाट में 19 वर्षीय छात्रा का कालेज जाते समय निर्मम तरीके गला रेत कर की गई हत्या अत्यंत दुखद है और इसकी जितनी भर्त्सना की जाए कम है।

इस घटना ने न केवल शिक्षा ग्रहण करने के लिए घर से बाहर निकलने वाली बेटियों को भयभीत किया है, बल्कि पूरे प्रदेश को असुरक्षा के भाव से भर दिया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में बढ़ रहीं आपराधिक घटनाओं से मन आहत है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधी बिना किसी डर के वारदात को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल में आम नागरिकों के अंदर असुरक्षा की भावना चिंताजनक है और बढ़ते अपराध ये दर्शाते हैं कि सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि आंकड़े इस बात की गवाही दे रहे हैं कि अपराधियों पर लगाम कसने में प्रदेश सरकार पूरी तरह विफल रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल में बीते 3 वर्ष में बलात्कार, दुर्व्यवहार, अपहरण व नशा तस्करी जैसे मामलों की बाढ़ आ गई है। उन्होंने कहा कि देवभूमि में 3 साल के अंतराल में हत्या के 270 मामले सामने आए हैं और इसी अवधि में दुष्कर्म के मामलों की संख्या भी 1,000 से अधिक है। इसी अवधि में अपहरण के 1,540 मामले रिकॉर्ड किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हाल की घटनाओं में ऊना में गोलीकांड, सोलन में शूलिनी यूनिवर्सिटी के पास सरेआम पिस्टल से कई राऊंड फायरिंग और हाल ही में चिंतपूर्णी में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में बेकाबू भीड़ द्वारा तोड़फोड़ मचाना सत्ता को चुनौती दे रहा है


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News