Shimla: केंद्र सरकार ने पीजी सीटों की संख्या 314 तक पहुंचाई : जयराम
punjabkesari.in Thursday, Apr 09, 2026 - 09:46 PM (IST)
शिमला (कुलदीप): नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए मैडीकल पाेस्ट ग्रैजुएट (पी.जी.) सीटों की संख्या बढ़ाकर 314 की है। उन्होंने कहा कि इसके लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने प्रत्येक पी.जी. सीट के लिए 1.5 करोड़ रुपए के हिसाब से हिमाचल प्रदेश को 471 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई है। जयराम ठाकुर ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट पर इसका उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के योगदान का जिक्र करना तक उचित नहीं समझा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री लगातार झूठ बोलकर रिकॉर्ड बनाकर इस योजना का श्रेय खुद ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा मुख्यमंत्री के इस झूठ को बेनकाब करके प्रदेश की जनता के सामने लाएगी तथा राज्य सरकार को केंद्र सरकार का आभार जताने की याद भी दिलाएगी। उन्होंने कहा कि इस समय राज्य में सिर्फ केंद्र सरकार के सहयोग से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने राज्य को कर्ज तले डुबो दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य को आत्मनिर्भर बनाने की बात करने वालों ने कर्ज चढ़ाने का नया कीर्तिमान खड़ा कर दिया है।

