Una: वन माफिया के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन, अवैध लकड़ी से भरी गाड़ियां जब्त; 2 तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Feb 24, 2026 - 04:29 PM (IST)

टाहलीवाल/हराेली (गौतम/दत्ता): ऊना जिले के हरोली थाना क्षेत्र में पुलिस ने वन माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार रात और मंगलवार तड़के के बीच चलाई गई नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने अवैध लकड़ी की तस्करी कर रही दो पिकअप गाड़ियों को पकड़ा है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर चालकों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार हरोली पुलिस की टीम ने सोमवार रात पालकवाह चौक पर नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान मंगलवार सुबह करीब 4 बजे सलोह की तरफ से दो पिकअप गाड़ियां पालकवाह की ओर आती दिखाई दीं। पुलिस ने शक के आधार पर उन्हें रोका। तलाशी लेने पर गाड़ियों में आम और अन्य प्रजातियों की लकड़ी लदी हुई पाई गई। जब पुलिस ने चालकों से लकड़ी ढोने का परमिट और दस्तावेज मांगे तो वे कोई भी कागजात पेश नहीं कर सके।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मपाल सिंह पुत्र जीता निवासी वार्ड नंबर-8, गांव बढेड़ा और बृजपाल सिंह पुत्र हरदयाल सिंह निवासी वार्ड नंबर-7, धर्मपुर के रूप में हुई है।

डीएसपी हरोली मोहन रावत ने कड़े शब्दों में कहा कि क्षेत्र में किसी भी तरह के अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि लकड़ी कहां से काटी गई थी और इसकी सप्लाई कहां होनी थी। मामले की जांच एएसआई सुरेंद्र कुमार कर रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News