पंजाब से ट्रक में छिपाकर हिमाचल लाई जा रही थी नशे की बड़ी खेप, पुलिस ने नाके पर किया पर्दाफाश; 2 तस्कर गिरफ्तार
punjabkesari.in Thursday, Jun 18, 2026 - 06:05 PM (IST)
गरली (सन्नी): नशा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत पुलिस जिला देहरा को एक बड़ी और अहम सफलता हाथ लगी है। एसपी मयंक चौधरी के दिशा-निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए रक्कड़ थाना पुलिस ने पंजाब से आ रहे एक ट्रक से भारी मात्रा में चूरा-पोस्त (भुक्की) बरामद की है। पुलिस ने नशीले पदार्थ और ट्रक को कब्जे में लेकर पंजाब के दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है।
कार्यालय पुलिस अधीक्षक देहरा से प्राप्त जानकारी के अनुसार रक्कड़ थाना पुलिस की टीम बीते बुधवार को कोलापुर के समीप गश्त और रूटीन चैकिंग पर थी। इसी दौरान पंजाब की तरफ से आ रहे एक ट्रक (PB 11DF-7976) को संदेह के आधार पर रोका गया। जब पुलिस ने ट्रक की गहनता से तलाशी ली, तो उसके अंदर से 6 किलो 802 ग्राम चूरा-पोस्त (भुक्की) बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ को जब्त कर ट्रक में सवार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए तस्करों की पहचान सुखदेव सिंह (31) पुत्र केहर सिंह निवासी गांव अटारी, तहसील एवं जिला अमृतसर (पंजाब) और हरप्रीत सिंह (36) पुत्र हरचंद सिंह निवासी गांव ध्यानपुरा, डाकघर कुराली, तहसील खरड़, जिला रूपनगर (पंजाब) के रूप में की गई है।
रक्कड़ पुलिस थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है, साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किए गए ट्रक को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। देहरा के एसपी मयंक चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस नशे के खिलाफ जीरो टॉलरैंस की नीति पर सख्ती से काम कर रही है। पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि इतनी भारी मात्रा में चूरा-पोस्त पंजाब से कहां से लाया गया था और हिमाचल में इसे किस नैटवर्क तक पहुंचाया जाना था। बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल कर इस नैटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
एसपी मयंक चौधरी ने आम जनता से नशे के खिलाफ जारी इस जंग में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी नागरिक को अपने आसपास मादक पदार्थों की तस्करी या नशे से जुड़ी कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो वह तुरंत हैल्पलाइन नंबर 112 पर पुलिस को सूचित करे। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

