Kangra: पुलिस के हाथ लगी बड़ी कामयाबी...स्पैशल टीम ने दबोचे फरार तस्कर, पंजाब से लेकर पालमपुर तक बिछा था चिट्टे का जाल

punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 04:41 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): कांगड़ा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। जनवरी माह में पकड़ी गई 35 ग्राम हैरोइन मामले की कड़ियां जोड़ते हुए पालमपुर पुलिस ने इस पूरे नैटवर्क का पर्दाफाश किया है और फरार चल रहे अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कांगड़ा पुलिस कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जनवरी महीने में पालमपुर पुलिस ने एक आरोपी को 35 ग्राम हैरोइन के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। इस संदर्भ में पुलिस थाना पालमपुर में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।

तकनीकी विश्लेषण से मिला पंजाब का सुराग
गिरफ्तार किए गए आरोपी से पुलिस ने गहन पूछताछ की। मामले के तकनीकी विश्लेषण और बैंक ट्रांजैक्शन हिस्ट्री खंगालने पर पुलिस को एक महत्वपूर्ण सुराग मिला। जांच में सामने आया कि इस नैटवर्क के तार पंजाब से जुड़े हैं और इसमें लक्ष्य पठानिया नामक युवक शामिल है। लक्ष्य मूल रूप से लुधियाना का रहने वाला है और वर्तमान में भामिन कलां (लुधियाना) में रह रहा था। पुख्ता सबूतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 16 मार्च को लक्ष्य पठानिया को पालमपुर से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में खुले 2 और नाम, विशेष टीम ने किया गिरफ्तार
लक्ष्य पठानिया और पहले पकड़े गए आरोपी से हुई विस्तृत पूछताछ, तकनीकी जांच और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री के आधार पर पुलिस को इस काले कारोबार में शामिल 2 अन्य लोगों की संलिप्तता का पता चला। इनकी पहचान इन्द्रजीत सिंह निवासी रोड़ी ठाकुरद्वारा और शिवा निवासी गुग्गा सलोह के रूप में हुई। ये दोनों आरोपी फरार चल रहे थे। इनकी धरपकड़ के लिए थाना पालमपुर की ओर से एक विशेष गुप्त टीम का गठन किया गया था, जोकि आरोपियों की तलाश में लगातार अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही थी। आखिरकार पुलिस के लगातार प्रयासों को सफलता मिली और दोनोंआरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News