लोगों को रास नहीं आई ये योजना, अब गंदगी फैलाने वाले पर होगा 5,000 तक का जुर्माना

punjabkesari.in Saturday, Apr 20, 2019 - 01:14 PM (IST)

सोलन : शहर में नैशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेशों पर डोर टू डोर गारबेज कलैक्शन योजना तो शुरू की गई है, लेकिन कई वार्डों में लोग कर्मचारियों को कचरा देने से मुकर रहे हैं। ऐसे में सफाई कर्मचारियों को भी समस्या हो रही है और शहर के विभिन्न स्थानों पर गंदगी फैल रही है। ऐसे लोगों पर एन.जी.टी. की गाइडलाइन के अनुसार नगर परिषद कार्रवाई कर सकती है। कचरा सफाई कर्मचारियों को न देने या खुले स्थान पर गंदगी फैलाने वालों को 500 से 5000 रुपए तक का जुर्माना भुगतना पड़ सकता है। गौरतलब है कि एन.जी.टी. के आदेशों पर सोलन शहर में सॉलिड वेस्ट रूल्स 2016 को क्रियान्वित किया जा रहा है।

इसके तहत डोर टू डोर गारबेज कलैक्शन योजना शुरू की गई है। अब शहर के सभी हिस्सों में नगर परिषद के सफाई कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों से गीला और सूखा कचरा अलग-अलग ले रहे हैं। शहर में अधिकतर लोग तो इस अभियान से खुश हैं और इसकी तारीफ कर रहे हैं, क्योंकि इसके बाद शहर में सफाई व्यवस्था देखने को मिल रही है। यही नहीं, शहर से कूड़ेदान भी उठा दिए गए हैं। इन कूड़ेदानों से यहां कूड़ा खुले में फैलता था और दुर्गंध भी आती थी। अब शहर काफी साफ-सुथरा नजर आ रहा है।

कुछ लोगों को यह योजना भी रास नहीं आ रही है और सफाई कर्मचारियों को कूड़ा देने से मुकर रहे हैं। जानकारी के अनुसार शहर के सन्नी साइड, वार्ड नं. 1, वार्ड नं. 9, वार्ड नं. 10 व वार्ड नं. 11 में कर्मचारियों को अधिक समस्या आ रही है और कई लोग सफाई कर्मचारियों को कचरा नहीं दे रहे हैं। हालांकि अभी तक नगर परिषद ने किसी भी ऐसे व्यक्ति का चालान नहीं किया है और न ही जुर्माना लगाया है। सफाई कर्मचारी लोगों से बार-बार कूड़ा देने के लिए अपील कर रहे हैं। एन.जी.टी. के आदेशों के अनुसार कूड़ा न देने वालों व गंदगी फैलाने वालों के साथ सख्ती से निपटा जा सकता है और जुर्माना भी वसूला जा सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

kirti

Recommended News

Related News