पालमपुर से पर्यटन निगम की वंदे भारत बस सेवा आरंभ

punjabkesari.in Saturday, Mar 09, 2024 - 06:51 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): अम्ब से नई दिल्ली के लिए चलने वाली वंदे भारत रेल से कनैक्टीविटी के लिए पालमपुर से पर्यटन निगम की वंदे भारत बस सेवा आरंभ की गई। पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष कैबिनेट रैंक आर.एस. बाली ने पालमपुर से वोल्वो बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि यह बस सेवा प्रतिदिन पालमपुर से नगरोटा, कांगड़ा व देहरा होते हुए अंब तक जाएगी तथा वहां से वापसी पर इसी रूट से पालमपुर पहुंचेगी। बस सेवा वंदे भारत रेल की यात्रियों को सुविधा प्रदान करने के लिए आरंभ की गई है। इस अवसर पर पर्यटन निगम के महाप्रबंधक राजीव कुमार, नगर निगम पालमपुर के आयुक्त डा. आशीष शर्मा, परिवहन निगम के डिवीजनल मैनेजर पंकज चड्ढा, सहायक महाप्रबंधक धर्मशाला काम्पलैक्स नवदीप थापा, सहायक महाप्रबंधक ट्रांसपोर्ट और विलीस पार्क पर्यटन निगम, सहायक महाप्रबंधक पालमपुर काम्पलैक्स कैलाश ठाकुर सहित पर्यटन निगम के अधिकारी तथा गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। हरी झंडी देने के उपरांत आर.एस. बाली स्वयं नगरोटा तक इस बस में सवार होकर गए।

यह रहेगा किराया
वंदे भारत बस सेवा का पालमपुर से अंब तक का किराया एकतरफा 600 रुपए होगा। वहीं बताया जा रहा है कि यदि बस की क्षमता के अनुरूप यात्रियों की संख्या कम होगी तो इसके स्थान पर छोटी बस के माध्यम से यात्रियों को गंतव्य तक भेजा जाएगा। यह बस पालमपुर से सुबह 8 बजे, नगरोटा-कांगड़ा-चिंतपूर्णी होकर 11 बजे अम्ब पहुंचेगी। उसके उपरांत बस अंब से सुबह साढे़ 11 बजे पालमपुर की ओर रवाना होगी और 2 बजे पालमपुर पहुंचेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News