Kangra: US टैरिफ विवाद : भारत ने अपने सम्मान से कोई समझौता नहीं किया : शांता
punjabkesari.in Saturday, Sep 27, 2025 - 07:53 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने कहा कि अमरीका ने भारत से दवाइयों के आयात पर 100 प्रतिशत टैरिफ की घोषणा करके भारत के लिए एक और कठिनाई उत्पन्न की है, परन्तु अमरीका जैसे बड़े देश के राष्ट्रपति अपने इस प्रकार से व्यवहार से अपने आपको दुनिया के सामने उपहास का विषय बना रहे हैं। अमरीका को भारत से सबसे अधिक नाराजगी इस बात की है कि अमरीका भारत-पाकिस्तान के युद्ध समाप्त करने का जो व्यर्थ का श्रेय लेना चाहता था, वह भारत ने नहीं दिया। भारत के ऑप्रेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान स्वयं युद्ध समाप्त करने के लिए गिड़गड़ाया था। उन्होंने कहा कि अमरीका के राष्ट्रपति के बड़बोलेपन और नोबल पुरस्कार के लिए छटपटाहट को देख कर अमरीका के बहुत से मतदाता ट्रंप को चुनने के लिए पश्चाताप कर रहे होंगे।
ट्रंप ने एक बार नहीं, कई बार युद्ध को समाप्त करने का श्रेय लेने की कोशिश की। अपने एक महत्वपूर्ण बयान में कहा कि उसने सात युद्धों को समाप्त करवाया है। अब उन्हें नोबल पुरस्कार मिलना चाहिए। विश्व इतिहास में किसी देश के नेता ने कभी नोबल पुरस्कार के लिए इस प्रकार से भीख नहीं मांगी होगी। ट्रंप नोबल पुरस्कार के लिए इतने अधिक लालायित हो गए कि पाकिस्तान जैसे देश से नोबल पुरस्कार की सिफारिश करवाई। शांता कुमार ने कहा कि इस सारे घटना क्रम में भारत ने एक स्वाभिमान पूर्ण राष्ट्र होने का परिचय दिया है। अमरीका के व्यवहार से भारत को आर्थिक कठिनाई हो सकती है परन्तु भारत ने अपने सम्मान से कोई समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि विश्व इतिहास में यह पहला मौका है जब अमरीका जैसे एक बड़े देश के राष्ट्रपति लगातार बचकाना व्यवहार करते जा रहे हैं।