Kangra: तेज रफ्तार पर सख्ती नहीं, इसलिए बढ़ रहे सड़क हादसे : शांता
punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2026 - 04:54 PM (IST)
पालमपुर (भृगु): पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने खड्ड में हुए भीषण सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में लगातार हो रही बढ़ौतरी का मुख्य कारण तेज रफ्तार और यातायात नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि यदि इन पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जाए तो हर वर्ष सैंकड़ों लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि तेज रफ्तार कंटेनर के पीछे कार के टकराने से हाल ही में विवाह बंधन में बंधे दंपति और एक वरिष्ठ अधिवक्ता सहित 3 लोगों की मौत हो गई। उनके अनुसार सड़क सुरक्षा नियमों के तहत आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखना और नियंत्रित गति से वाहन चलाना अनिवार्य है, लेकिन इन नियमों की अनदेखी के कारण यह दुखद हादसा हुआ।
शांता कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के लगभग 90 प्रतिशत मामलों में तेज रफ्तार प्रमुख कारण होती है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि गंभीर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कम से कम 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाए और 6 माह के लिए उनका ड्राइविंग लाइसैंस निलंबित किया जाए। उनका कहना था कि कानून का पालन तभी सुनिश्चित होगा, जब उसके उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई होगी। भारत में बढ़ते वाहनों और ओवरटेक की जल्दबाजी के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।

