Kangra: टी-बैग मशीन के नाम पर 18.29 लाख की ठगी का आरोप
punjabkesari.in Monday, Sep 14, 2026 - 10:14 PM (IST)
पालमपुर (भृगु): टी-बैग पैकिंग मशीन खरीदने के नाम पर पालमपुर के एक कारोबारी से 18.29 लाख रुपए की कथित ठगी का मामला सामने आया है। मशीन की कीमत के नाम पर रकम लेने के बाद भी मशीन की आपूर्ति न होने और बाद में संबंधित लोगों द्वारा फोन उठाना बंद करने के आरोप में पालमपुर पुलिस ने 2 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार इन्फिनिटी ट्रेडर्स बंदला एस्टेट के परचेज मैनेजर संजय कुमार ने शिकायत में बताया कि कंपनी ने इंडिया मार्ट के माध्यम से फरीदाबाद स्थित कंपनी से टी-बैग पैकिंग मशीन खरीदने के लिए संपर्क किया था। रोहित नामक व्यक्ति ने मशीन की कोटेशन भेजकर 25 से 30 दिन में मशीन तैयार करने की बात कही और 50 प्रतिशत एडवांस मांगा।
शिकायत के अनुसार 23 मई को 10 लाख रुपए कंपनी के खाते में भेजे गए। उसके बाद मशीन तैयार होने का वीडियो भेजकर शेष भुगतान की मांग की गई। 26 जुलाई को 8.29 लाख रुपए और भेज दिए गए। शिकायतकर्त्ता के अनुसार कुल 18.29 लाख रुपए मिलने के बाद कंपनी ने मशीन को 30 जुलाई को डिस्पैच करने की जानकारी दी, लेकिन मशीन पालमपुर नहीं पहुंची। संपर्क करने पर कथित तौर पर टालमटोल की गई और बाद में रोहित व राज नगर ने फोन उठाना भी बंद कर दिया। उसके बाद शिकायत पुलिस को दी गई। पालमपुर पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी सुनील राणा ने मामले की पुष्टि की है।

