Kangra: वोट चोरी का आरोप लगाने से पहले हिमाचल की 10 गारंटियों का हिसाब दे कांग्रेस : परमार

punjabkesari.in Sunday, Nov 01, 2026 - 05:30 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): सुलह के विधायक विपिन सिंह परमार ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनावी पारदर्शिता और जवाबदेही की बात करने वाली कांग्रेस को पहले हिमाचल प्रदेश में दी गई अपनी दस चुनावी गारंटियों का हिसाब जनता को देना चाहिए। परमार ने कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि दस गारंटियों में कितनी पूरी हुईं और कितनी अब भी अधूरी हैं। उन्होंने पुरानी पेंशन योजना, महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह, युवाओं को रोजगार और 300 यूनिट मुफ्त बिजली सहित किसानों व बागवानों से किए वादों की वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करने की मांग की।

उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से कहा कि राहुल गांधी के साथ दिल्ली में राजनीतिक मंच साझा करने के साथ प्रदेश की जनता के सवालों का जवाब देना भी उनकी जिम्मेदारी है। परमार ने कहा कि लोकतंत्र में निर्वाचन प्रक्रिया पर सवाल उठाना सभी दलों का अधिकार है, लेकिन ऐसे आरोप तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर लगाए जाने चाहिए। परमार ने कहा कि हर चुनावी हार के लिए निर्वाचन व्यवस्था पर सवाल उठाना उचित नहीं है। कांग्रेस को वर्ष 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में अपने प्रदर्शन की समीक्षा करनी चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News