Kangra: 2027 में भाजपा सरकार बनने के संकेत दे रहे जिला परिषद चुनाव परिणाम : शांता कुमार

punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 09:20 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में पंचायती राज चुनाव अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं और यही चुनाव राजनीतिक दलों के भविष्य की दिशा तय करते हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए पंचायती राज चुनावों के लिए जनता और सरकार को बधाई दी। शांता कुमार ने कहा कि प्राप्त सूचनाओं के अनुसार प्रदेशभर में भारतीय जनता पार्टी के बड़ी संख्या में सदस्य पंचायती राज संस्थाओं में निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने सभी विजयी जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा जताई कि वे पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में जनता की सेवा करेंगे।

उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने भी अपनी सार्वजनिक यात्रा गांव जमूला की पंचायत में पंच बनने से शुरू की थी। इसके बाद वे पंचायत समिति, जिला परिषद, विधानसभा और अंततः लोकसभा तक पहुंचे। शांता कुमार ने कहा कि जानकारी के अनुसार अब तक आठ जिला परिषदों के चुनाव संपन्न हुए हैं, जिनमें से सात में भाजपा समर्थित नेतृत्व निर्वाचित हुआ है। उनके अनुसार यह परिणाम वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में भाजपा के पक्ष में माहौल बनने का संकेत दे रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News