कुल्लू की सैंज घाटी में पुलिस का बड़ा एक्शन, अफीम की खेती का पर्दाफाश...955 पौधे किए नष्ट

punjabkesari.in Sunday, Apr 19, 2026 - 07:35 PM (IST)

सैंज/कुल्लू (बुद्धि सिंह): कुल्लू जिला की सैंज घाटी में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सैंज पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए तहसील सैंज की तलाड़ा पंचायत के फबियारी गांव में अफीम की अवैध खेती का पर्दाफाश किया है। थाना प्रभारी छजू राम के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर 955 अफीम के पौधों को बरामद किया और उन्हें तुरंत नष्ट कर दिया।

पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर दी दबिश
पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई में दो टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। पहली टीम में शामिल मुख्य आरक्षी राजिंदर और आरक्षी अमन ने एक खेत से 240 प्रतिबंधित पौधे बरामद किए। वहीं, दूसरी टीम ने, जिसमें मुख्य आरक्षी मनोज और आरक्षी अभिषेक शामिल थे, एक अन्य स्थान पर दबिश देकर 715 अफीम के पौधों की बड़ी खेप पकड़ी। पुलिस की यह त्वरित कार्रवाई नशे के खिलाफ क्षेत्र में एक कड़ा संदेश है।

मामला दर्ज, तस्करों की तलाश शुरू
पुलिस ने इस अवैध खेती के मामलों में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 18 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच अधिकारी अब मामले की तह तक जाने के लिए दो मुख्य बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। पहला, दुर्गम पहाड़ियों की आड़ में इस अवैध खेती को संरक्षण देने वाले मास्टरमाइंड और असली तस्कर कौन हैं। दूसरा, जिस जमीन पर यह खेती हो रही थी, वह वन भूमि है या किसी की निजी संपत्ति, इसकी भी बारीकी से जांच की जा रही है।

दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा: एसपी 
मामले की पुष्टि करते हुए कुल्लू के पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने कहा कि जिला पुलिस नशे के समूल नाश के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। एसपी ने चेतावनी दी कि फबियारी में हुई यह कार्रवाई सिर्फ एक शुरुआत है और आने वाले दिनों में घाटी के अन्य संदिग्ध हिस्सों में भी तलाशी अभियान और तेज किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय जनता से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि उन्हें अपनी निजी भूमि या आसपास कहीं भी अवैध खेती की भनक लगे, तो वे तुरंत प्रशासन को सूचित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा फैलाने वाले दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News