मनाली में पुलिस का बड़ा एक्शन: ट्रक से अवैध शराब की 100 पेटियां बरामद, चालक गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Jul 16, 2026 - 05:19 PM (IST)

कुल्लू (संजीव): हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी मनाली में शराब माफिया के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में मनाली थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने रूटीन गश्त और नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है और वाहन को भी सीज कर दिया है।

जानकारी के अनुसार मनाली पुलिस की एक टीम अपने तय रूट पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान फर्स्ट स्नो गैलरी सोलंग नाला के पास पुलिस ने संदेह के आधार पर वहां से गुजर रहे एक ट्रक (HP 30B-2006) को चैकिंग के लिए रोका। जब पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली, तो अंदर अंग्रेजी शराब (रॉयल स्टैग ब्रांड) की 100 पेटियां लदी हुईं पाई गईं। इतनी भारी मात्रा में शराब ले जाते देख जब पुलिस टीम ने चालक से इस खेप को ले जाने से संबंधित परमिट या कोई वैध दस्तावेज मांगे, तो वह पूरी तरह से नाकाम रहा। बिना कागजात के अवैध शराब की तस्करी होने की पुष्टि होते ही पुलिस ने शराब और ट्रक दोनों को अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान 46 वर्षीय चेत राम पुत्र विक्रमजीत के रूप में हुई है। आरोपी मूल रूप से कुल्लू जिले की बंजार तहसील के तहत आते घर्ट गाड (डाकघर चनौन) का रहने वाला है। कुल्लू के एसपी मदन लाल ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

एसपी ने बताया कि पुलिस अब आरोपी से सख्ती से पूछताछ कर रही है ताकि इस बात का खुलासा हो सके कि इतनी बड़ी मात्रा में अवैध शराब कहां से लाई गई थी और इसे मनाली में किस जगह सप्लाई किया जाना था। एसपी ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया है कि कुल्लू जिले में नशा माफिया और अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और यह सख्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News