मंडी के पधर में अफीम की खेती का भंडाफोड़, पुलिस ने नष्ट किए 16 हजार से ज्यादा पौधे

punjabkesari.in Saturday, May 16, 2026 - 04:55 PM (IST)

मंडी (रजनीश): जिला मंडी में नशे के काले कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस का कड़ा प्रहार जारी है। इसी कड़ी में थाना पधर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए डगवाणधार क्षेत्र में अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीम ने 5 अलग-अलग खेतों में उगाई गए अफीम के 16,058 पौधों को मौके पर ही नष्ट कर दिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पधर थाना पुलिस की एक विशेष टीम इलाके में गश्त कर रही थी और अवैध अफीम की खेती को लेकर डगवाणधार क्षेत्र में तलाशी अभियान पर थी। इसी दौरान पुलिस की नजर 5 अलग-अलग खेतों पर पड़ी, जहां अवैध रूप से अफीम की फसल उगाई गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके को अपने कब्जे में लिया और गिनती करने पर कुल 16,058 अफीम के पौधे पाए गए। पुलिस टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सभी पौधों को मौके पर ही उखाड़कर नष्ट कर दिया। पुलिस ने इस बाबत थाना पधर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस इस बात की गहन जांच कर रही है कि यह खेती किसने और किसके कहने पर उगाई थी। 

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने उस भूमि के असली मालिकों की पहचान करने के लिए राजस्व विभाग से पत्राचार किया है, जहां यह अफीम उगाई गई थी। राजस्व विभाग से जमीन का रिकॉर्ड मिलते ही आरोपियों की सटीक पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि जिला पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों और नशे के कारोबार के विरुद्ध चलाया जा रहा यह विशेष अभियान भविष्य में भी लगातार और सख्ती से जारी रहेगा। नशे के सौदागरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News