Kangra: 93वां संशोधन बिल लागू करने के लिए ओबीसी संघर्ष समिति ने भरी हुंकार, धलेरा में उमड़ा जनसैलाब
punjabkesari.in Sunday, Feb 01, 2026 - 07:17 PM (IST)
सुलह/कांगड़ा: सुलह विधानसभा क्षेत्र के गांव धलेरा में रविवार को ओबीसी संघर्ष समिति (इकाई सुलह) द्वारा संघर्ष से समाधान रणनीति के तहत एक जनसभा का आयोजन किया गया। गुगा मंदिर धलेरा के प्रांगण में आयोजित इस जनसभा में प्रदेश ओबीसी संघर्ष समिति के अध्यक्ष सौरभ कौंडल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। जनसभा में उमड़ी भारी भीड़ के आगे मंदिर का मैदान भी छोटा पड़ गया, जिसके चलते सैंकड़ों लोगों को सड़क पर खड़े होकर ही संबोधन सुनना पड़ा।
युवाओं के भविष्य के लिए 93वां संशोधन जरूरी : कौंडल
जनसभा को संबोधित करते हुए सौरभ कौंडल ने 93वें संशोधन बिल को लागू करवाने के पक्ष में पुरजोर आवाज उठाई। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को इस बिल की बारीकियों और इसके महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सौरभ कौंडल ने राजनीतिक दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा दोनों की सरकारें रहीं, लेकिन आज तक किसी ने भी इस बिल को लागू करने की सुध नहीं ली। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बिल के लागू न होने से ओबीसी समाज के लोग कई महत्वपूर्ण लाभों से वंचित हैं। उन्हाेंने कहा कि हमारे बच्चों के साथ आज भी भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है। नॉट फाऊंड सूटेबल का कारण बताकर उन्हें अहम पदों तक पहुंचने से रोका जा रहा है। अफसोस की बात है कि ओबीसी को मिलने वाले लाभों पर दोनों ही प्रमुख पार्टियां चुप्पी साधे बैठी हैं। उन्होंने सुलह वासियों से संघर्ष से समाधान की रणनीति पर चलते हुए अपने हक के लिए एकजुट होने की अपील की।
यूजीसी के समर्थन में ओबीसी संघर्ष समिति
हाल ही में उच्चतम न्यायालय द्वारा यूजीसी पर लगाई गई रोक के मुद्दे पर सौरभ कौंडल ने स्पष्ट किया कि ओबीसी संघर्ष समिति हमेशा से यूजीसी के समर्थन में खड़ी है और आगे भी रहेगी।
बूथ स्तर पर सदस्यता अभियान का किया आगाज
जनसभा के दौरान ही समिति ने संगठन को मजबूती देने के लिए बूथ स्तर पर सदस्यता अभियान की शुरूआत की। इस अभियान में स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य ध्रुव चौधरी और संतोष कुमारी ने जनसभा में आए अतिथियों का धन्यवाद किया और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संघर्ष समिति के साथ अधिक से अधिक नए सदस्यों को जोड़ें।
ये रहे माैके पर मौजूद
इस जनसभा में सुरेश कुमार, रमेश चौधरी, रेखा चौधरी, संजय सैनी, अमित मेहरा, सुशील धीमान, विनोद कुमार, प्रेम चौधरी, पवन कुमार, विपन चौधरी, गुलशन चौधरी, ईश्वरदास, राम लाल और देवेंद्र चौधरी सहित समिति के अनेक सदस्य और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

